छह उपाध्यक्ष, छह सचिव, दो महामंत्री सहित अन्य पदाधिकारी नियुक्तहिसार, 9 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने पार्टी जिला कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली सहित संगठन के अन्य वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श के बाद यह जिला पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने बुधवार को पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं कोर कमेटी ने जिला की ओर से नाम मांगे थे। हमने नियमानुसार सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देते हुए ये नाम कोर कमेटी को भेज दिए। उन्होंने बताया कि संगठन में इस बार मन की बात प्रमुख व प्रवक्ता के नए पद सृजित किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर माह के अंतिम रविवार को मन की बात करते हैं, पार्टी के लगभग सभी नेता अपने-अपने क्षेत्र की जनता के साथ यह कार्यक्रम सुनते हैं। ऐसे में इस पार्टी पार्टी ने मन की बात प्रमुख का नया पद सृजित किया है। डॉ. आशा खेदड़ ने बताया कि जिला कार्यसमिति में छह उपाध्यक्ष, दो महामंत्री, छह सचिव, एक कोषाध्यक्ष, एक मीडिया प्रमुख, एक प्रवक्ता, एक मन की बात प्रमुख, एक कार्यालय प्रमुख, एक आईटी प्रमुख व एक सोशल मीडिया प्रमुख बनाया गया है। उन्होंने बताया कि रामफल नैन, सतीश सुरलिया, लक्ष्मी गोयल, अनिल सैनी, मुनीष ऐलावादी व राज हसीना को उपाध्यक्ष बनाया गया है। आशीष जोशी व कृष्ण सरसाना को महामंत्री तथा आदित्य बिसला, कुलदीप डेलू, पिंकी शर्मा, कृष्ण खटाना, भूपसिंह रोहिल्ला व पूनम मेहता को सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अशोक मित्तल को कोषाध्यक्ष, राजेन्द्र सपड़ा को मीडिया प्रमुख, सुरेन्द्र सैनी को कार्यालय प्रमुख, पीयूष मेहता को प्रवक्ता, सुरेश जांगड़ा को आईटी प्रमुख, अमर पातड़ को सोशल मीडिया प्रमुख व संदीप गोयल को मन की बात प्रमुख बनाया गया है। जिला अध्यक्ष ने बताया कि सभी पदाधिकारियों की नियुक्ति तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रचार-प्रसार करें और पात्र जनता तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में मदद करें। इस अवसर पर पार्टी नेता सुरेश गोयल धूपवाला एवं अन्य भी मौजूद थे।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर