माकपा का दावा : ट्रेड यूनियनों की हड़ताल को बंगाल में ज़बरदस्त समर्थन, पुलिस पर अत्याचार का आरोप
Udaipur Kiran Hindi July 10, 2025 12:42 AM

कोलकाता, 09 जुलाई (Udaipur Kiran) । राज्य में वामपंथी दलों के समर्थन से केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा आयोजित देशव्यापी हड़ताल को पश्चिम बंगाल में ज़बरदस्त समर्थन मिला है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने बुधवार को दावा किया कि बैंकिंग, बीमा, परिवहन और कारखाना क्षेत्रों के श्रमिकों ने बड़ी संख्या में इस हड़ताल में हिस्सा लिया।

कोलकाता स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सलीम ने कहा कि श्रमिक वर्गों से इस हड़ताल को अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को विभिन्न स्थानों पर पुलिस द्वारा बेरहमी से पीटा गया और जब-जब वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें हिरासत में लिया गया।

माकपा नेता ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस और पुलिस ने हड़ताल को विफल करने के लिए निंदनीय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि यह हड़ताल केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ थी, लेकिन राज्य सरकार इसे विफल करने में अधिक सक्रिय रही।

मोहम्मद सलीम ने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार दिल्ली में बैठे अपने आकाओं को खुश करने के लिए हड़ताल को दबाने में जुटी रही। उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक विरोध को अलोकतांत्रिक तरीके से रोका गया।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा अधिक संख्या में सरकारी बसें चलाई गईं, लेकिन इसके बावजूद अधिकांश निजी बसें और अन्य परिवहन सेवाएं सड़कों से नदारद रहीं।

सलीम ने जानकारी दी कि आने वाले तीन दिनों तक राज्यभर में पुलिस की कथित बर्बरता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.