कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी ने हमें पेड़ों के महत्व का अहसास कराया : प्रकाश पाल
Udaipur Kiran Hindi July 10, 2025 08:42 AM

कानपुर, 09 जुलाई (Udaipur Kiran) । अगर आज हमने ईमानदारी से पाैधरोपण के प्रयास नहीं किए, तो भविष्य में हमारी अगली पीढ़ी को गंभीर पर्यावरणीय संकटों का सामना करना पड़ेगा। कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी ने हमें पेड़ों के महत्व का अहसास करा दिया था। इसीलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने द्वारा लगाए गए पौधे की देखभाल की जिम्मेदारी लेनी चाहिए ताकि वह सुरक्षित पनप सके। यह बातें बुधवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

किदवई नगर मंडल स्थित शक्ति केंद्र बृहस्पति महिला महाविद्यालय, बूथ संख्या 262 पर वृक्षारोपण कर एक पेड़ माँ के नाम अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भाजपा दक्षिण संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया। अभियान के अंतर्गत दक्षिण जिले के सभी बूथों पर दस दस पौधों का रोपण किया गया, जिससे न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण का निर्माण भी सुनिश्चित होगा।

दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की सेवा, राष्ट्र सेवा के समान ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस अभियान को एक जनांदोलन का रूप देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राम बहादुर यादव, गणेश शुक्ला, विनोद मिश्रा, जसविंदर सिंह, मनीष त्रिपाठी,अर्जुन बेरिया, वंदना गुप्ता, अनुराग शुक्ला, शिवम मिश्रा, दीपांकर मिश्रा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.