मेरठ टोल प्लाजा पर सेना के जवान के साथ मारपीट, तनाव के बीच 6 गिरफ्तार, जांच जारी
Webdunia Hindi August 19, 2025 01:42 AM

मेरठ के भूनी टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों की गुंडई का एक वीडियो सामने आया है। इस बार टोलकर्मियों ने सेना के जवान कपिल पंवार की बांधकर पिटाई लगा दी। इसके बाद भारतीय सेना के जवान के साथ इस दुर्व्यवहार के कारण ग्रामीण आक्रोशित हो गया और अब मामला गरमा गया है। यह घटना रविवार देर रात उस समय हुई जब कपिल पंवार अपने परिजनों के साथ श्रीनगर से दिल्ली एयरपोर्ट जाने के रास्ते में था।

फ्लाइट सुबह 5 बजे थी और टोल प्लाजा पर भीड़ की वजह से उन्होंने टोलकर्मियों से जल्दी निकलवाने का अनुरोध किया। जवान ने अपना आर्मी आईडी कार्ड भी दिखाया, लेकिन आरोप है कि टोल कर्मचारियों ने अभद्रता करते हुए उनके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि 8-10 टोलकर्मियों ने कपिल को घेरकर पीटा और बीच-बचाव में आए उनके भाई को भी मारा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सोमवार दोपहर बड़ी संख्या में ग्रामीण टोल प्लाजा पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ की और टोलकर्मियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर कई थानों की फोर्स तैनात कर दी और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की।

मौके पर पहुंचे एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने लोगों को शांत करने की कोशिश करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज की मदद से अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फुटेज की जांच जारी है और बाकी आरोपियों की पहचान भी की जा रही है।

सेना के जवान कपिल के परिजनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब देश की सुरक्षा में लगे जवानों के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है तो आम जनता की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। परिजनों ने यह भी कहा कि कपिल ऑपरेशन ‘सिंदूर’ जैसे संवेदनशील मिशनों का हिस्सा रहे हैं और उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार बेहद निंदनीय है।

इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम भी टोल प्लाजा पर धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि जब एक फौजी के साथ ऐसा व्यवहार किया जा सकता है तो यह कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।

फिलहाल टोल प्लाजा पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। 100 से अधिक लोग अब भी मौके पर डटे हुए हैं। पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। टोल प्रबंधन और मारपीट में शामिल कर्मचारियों की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

NHAI का एक्शन भारतीय
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सेना के जवान कपिल की पिटाई पर सख्त कार्रवाई करते हुए ट्वीट किया है। NHAI ऐसे व्यवहार की कड़ी निंदा करता है और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा का अनुभव मिले।

ट्वीट में लिखा है कि 17 अगस्त 2025 को मेरठ–करनाल खंड के भूनी टोल प्लाजा (NH-709A) पर टोल कर्मियों द्वारा सेना के जवान के साथ दुर्व्यवहार की घटना पर सख्त कार्रवाई की है। NHAI ने टोल वसूली एजेंसी एम/एस धरम सिंह पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और टोल वसूली कंपनी के अनुबंध को समाप्त करने तथा भविष्य में टोल प्लाजा की निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। Edited by : Sudhir Sharma

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.