वायदा बाजार में सस्ता हुआ सोना, चांदी में तेजी
Webdunia Hindi August 22, 2025 09:42 PM

Gold Silver Rates : कमजोर हाजिर मांग के बीच वायदा कारोबार में सोने का भाव शुक्रवार को 213 रुपए की गिरावट के साथ 99,222 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। प्रतिभागियों के अपना दांव बढ़ाने से चांदी की वायदा कीमत 183 रुपए की तेजी के साथ 1,13,523 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में अक्टूबर में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों का भाव 213 रुपए या 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99,222 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 13,588 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

विश्लेषकों ने सोने की कीमतों में गिरावट का कारण कमजोर वैश्विक संकेतों को बताया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,327.17 डॉलर प्रति औंस रहा।

एमसीएक्स में सितंबर में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों की कीमत 183 रुपये या 0.16 प्रतिशत बढ़कर 1,13,523 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इसमें 14,778 लॉट का कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने बताया कि प्रतिभागियों के ताजा सौदे करने से चांदी की कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38.01 डॉलर प्रति औंस रही।

edited by : Nrapendra Gupta

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.