शिक्षक डॉ सपन कुमार को मिला राष्ट्रीय चेंजमेकर अवार्ड
Udaipur Kiran Hindi September 10, 2025 12:42 PM

दुमका, 9 सितंबर (Udaipur Kiran) । जिले के उच्च विद्यालय, डुमरथर, जरमुंडी के शिक्षक डॉ सपन कुमार (पत्रलेख) को गुजरात में राष्ट्रीय चेंजमेकर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।

समन्वय प्रतिष्ठान बड़ोदरा की ओर से आयोजित एशिया की सबसे बड़ी सहकारी डेयरी बनास में प्रथम नेशनल चेंजमेकर्स मीट-2025 के कार्यक्रम में सपन को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भारत के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 51 विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाले चेंजमेकर्स को आमंत्रित किया गया था। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने का काम कर रहे व्यक्ति, कॉर्पोरेट, स्टार्टअप, विभिन्न संगठन के लोग शामिल हुए।

इस मौके पर ब्लैकबोर्ड मॉडल के जनक शिक्षक डॉ सपन कुमार पत्रलेख ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सबसे प्रथम काम शिक्षा के क्षेत्र में करने की आवश्यकता है। जब भारत शिक्षित होगा, तो विकसित भारत की संकल्पना कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गरीबी को समाप्त करने का सबसे बड़ा हथियार शिक्षा है। हर देश में जहां गरीबी और संसाधनों की कमी से लोग जूझ रहे हैं। वहां उनका ब्लैकबोर्ड मॉडल के साथ तकनीकी को जोड़कर, नवाचार के माध्यम से आसानी से शिक्षा पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जहां दीवारें हैं, वहां शिक्षा है। किसी भी देश को विकसित राष्ट्र बनाने में शिक्षा की अहम भूमिका रही है। समाज के अंतिम पायदान में रहने वाले लोगों के घरों तक उनके बच्चों तक शिक्षा पहुंचने के लिए सभी को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।

सभी राज्यों के साथ विदेशों में भी देश का हुआ नाम रोशन

डॉ सपन पत्रलेख ने ब्लैकबोर्ड मॉडल के बारे में बताया कि किस प्रकार कठिन परिस्थितियों के बीच आदिवासी गांव में शुरू किया गया। ब्लैकबोर्ड मॉडल (हर घर विद्यालय) शिक्षा पद्धति से भारत के सभी राज्यों के साथ विदेशों में भी देश का नाम रोशन हुआ है। समन्वय प्रतिष्ठा के संयोजक डॉ जिगर इनामदार ने कहा कि भारत के 51 नायकों ने कठिन परिस्थितियों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में चुनौतियों को अपने विचारों अपने नवाचारों से प्रभावी समाधानों में बदला है। विकसित भारत के निर्माण में चेंज मेकर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रथम नेशनल चेंजमेकर्स मीट

के मौके पर गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष और बनास डेरी के अध्यक्ष शंकर चौधरी, इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ राम माधव, गुजरात राज्य परिवहन निगम के उपाध्यक्ष (आईएएस) एम नागराजन, पूर्व शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चूड़ासमा, जीडेक्स ग्रुप के अध्यक्ष अजय रंका, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु, समन्वय संस्थान के समन्वयक डॉ जिगर इनामदार, कार्यक्रम के समन्वयक प्रेम सहित अन्‍य मौजूद थे।

—————

(Udaipur Kiran) / नीरज कुमार

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.