देश के कई हिस्सों में मॉनसून की गतिविधियाँ अभी भी जारी हैं, जबकि कुछ राज्यों से इसकी विदाई शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है, वहीं कुछ शहरों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान करती रहेगी।
आइए जानते हैं, आज 15 सितंबर 2025 को देशभर के मौसम का हाल।
दिल्ली-एनसीआर में उमस का प्रकोप
आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहने का अनुमान है। आसमान में हल्के बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है। ऐसे में राजधानी के लोगों को गर्मी और उमस से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलेगी।
यूपी-बिहार में बारिश का अलर्ट
- उत्तर प्रदेश: प्रदेश के मौसम में आज बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भारी वर्षा के साथ बिजली गिरने का भी खतरा है।
- बिहार: बिहार में अगले पाँच दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
अन्य राज्यों में मानसून का हाल
- पूर्वोत्तर भारत: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे पूर्वोत्तर के सभी सात राज्यों में 21 सितंबर तक लगातार बारिश होने की संभावना है।
- मध्य भारत: मध्य प्रदेश, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और झारखंड में 15 से 19 सितंबर के बीच भारी बारिश के आसार हैं।
- पश्चिमी भारत: कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्रों में 16 सितंबर के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मानसून की विदाई: अच्छी खबर यह है कि राजस्थान, पंजाब और गुजरात के कुछ हिस्सों से अगले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी शुरू होने की संभावना है।