मुंबई, 18 सितंबर। शशांक खेतान की नई फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' का ताजा गाना 'परफेक्ट' हाल ही में लॉन्च हुआ है। इस गाने ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है। शानदार संगीत, आकर्षक लुक और बेहतरीन डांस मूव्स के साथ, यह गाना दर्शकों के दिलों में गहराई से उतर गया है।
इस गाने में वरुण धवन और जान्हवी कपूर की जोड़ी एक बार फिर से दर्शकों का ध्यान खींच रही है। पंजाबी पॉप स्टार गुरु रंधावा ने अपनी आवाज और परफॉर्मेंस से गाने में चार चांद लगा दिए हैं।
गाने की शुरुआत एक दिलचस्प सीन से होती है, जहां वरुण धवन बास्केटबॉल के साथ कॉलेज के लड़के के लुक में नजर आते हैं। तभी गुरु रंधावा उनके पास आते हैं और पूछते हैं, 'क्या तुलसी से मिल पाए?' वरुण थोड़ी परेशानी में जवाब देते हैं, 'कहां है वो, मेरी तुलसी कुमारी का कुछ अता-पता नहीं है।'
इस बातचीत के साथ गाने की मजेदार कहानी शुरू होती है। दो लड़कियां जब सामने से गुजरती हैं, वरुण और गुरु उनका पीछा करते हैं, तभी जान्हवी कपूर की एंट्री होती है।
जान्हवी एक लग्जरी कार से उतरती हैं, और उनकी एंट्री इतनी शानदार होती है कि वरुण और गुरु उन्हें देखते रह जाते हैं।
जान्हवी का अंदाज बोल्ड, स्टाइलिश और बेहद ग्रेसफुल है। उनके डांस मूव्स और एक्सप्रेशन्स ने गाने को परफेक्ट बना दिया है।
वरुण धवन अपने एनर्जेटिक और आकर्षक अंदाज में दर्शकों का दिल जीतते नजर आ रहे हैं। उनका डांस हमेशा की तरह ऊर्जा से भरा हुआ है, और जान्हवी के साथ उनकी केमिस्ट्री देखने लायक है। दोनों ने गाने में बेहतरीन परफॉर्मेंस दी है, जो दर्शाती है कि उन्होंने इसके लिए काफी मेहनत की है।
गुरु रंधावा का संगीत, उनकी आवाज और स्क्रीन प्रेजेंस इस गाने में जान डाल रहे हैं। गाने को गुरु रंधावा ने खुद लिखा और गाया है, और इसमें रॉनी अजनाली और गिल मछराई ने भी योगदान दिया है। दिलमान की म्यूजिक अरेंजमेंट और मिक्सिंग ने ट्रैक को एक पेशेवर टच दिया है।