मुंबई, 18 सितंबर। प्रियंका चोपड़ा के पति और मशहूर गायक-अभिनेता निक जोनास ने अपना 33वां जन्मदिन अपने करीबी दोस्तों और परिवार के साथ फिल्म 'कैंप रॉक' के सेट पर मनाया। उन्होंने इस खास मौके की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।
इंस्टाग्राम पर निक ने एक वीडियो और कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "किसी तरह मैं तीसरी बार कैंप रॉक के सेट पर अपना जन्मदिन मना रहा हूं। 15, 17 और अब तक का सबसे बेहतरीन 33वां मेरी प्यारी प्रियंका के साथ।"
निक जोनास एक प्रसिद्ध पॉपस्टार, अभिनेता और गीतकार हैं। उन्होंने 2005 में अपने भाइयों के साथ जोनास ब्रदर्स नामक बैंड की स्थापना की, जिसने कई हिट एल्बम दिए। 2008 में उन्हें बेस्ट न्यू आर्टिस्ट के लिए ग्रैमी नॉमिनेशन मिला। हालांकि, 2012 में बैंड टूट गया, लेकिन 2019 में 'सकर' गाने के साथ उन्होंने शानदार वापसी की।
निक ने डिज्नी चैनल के लोकप्रिय शो 'हैना मोंटेना' और 'कैंप रॉक' में भी काम किया है। इसके अलावा, वे हॉलीवुड की फिल्मों 'जुमान्जी', 'गोट' और 'द गुड हाफ' में भी नजर आ चुके हैं।
निक और प्रियंका की प्रेम कहानी भी बेहद रोमांटिक है। दोनों ने 2018 में डेटिंग शुरू की और उसी साल दिसंबर में जोधपुर के उमेद भवन पैलेस में हिंदू और क्रिश्चियन रीति-रिवाजों से शादी की। जनवरी 2022 में सरोगेसी के जरिए उनकी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनास का जन्म हुआ।
प्रियंका के आने वाले प्रोजेक्ट्स में, वे जल्द ही सुपरस्टार महेश बाबू के साथ फिल्म 'एसएसएमबी29' में नजर आएंगी। यह एक एक्शन-एडवेंचर फिल्म है, जो इतिहास और पौराणिक कथाओं से प्रेरित है। इसके अलावा, वे ऋतिक रोशन के साथ 'कृष-4' में भी दिखाई देंगी।
निक जोनास के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनकी हालिया रिलीज फिल्म 'किसस' बायोपिक 'शाउट इट आउट लाउड' है। वह अपनी पत्नी प्रियंका चोपड़ा के साथ एक नई हॉलिडे फिल्म में भी काम कर रहे हैं।