मुंबई, 23 सितंबर। नवरात्रि का दूसरा दिन मंगलवार को मनाया जा रहा है, जो मां ब्रह्मचारिणी को समर्पित है। इस अवसर पर भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री पाखी हेगड़े ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से मां की महिमा का वर्णन किया और सभी भक्तों को शुभकामनाएं दीं।
पाखी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर मां ब्रह्मचारिणी की तस्वीर साझा करते हुए उनके महत्व और पूजा के लाभों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने लिखा, "नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है। उन्हें तप और भक्ति की देवी माना जाता है। उनका नाम 'ब्रह्मचारिणी' इसलिए पड़ा क्योंकि उन्होंने भगवान शिव को अपने पति के रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था। तप के अंतिम चरण में भगवान शिव ने ब्रह्मचारी के रूप में उनकी परीक्षा ली थी। मां ब्रह्मचारिणी की छवि सादगी से भरी होती है। वे नंगे पांव होती हैं, उनके दाहिने हाथ में जप माला और बाएं हाथ में कमंडल होता है। यह रूप उनके तप और संयम का प्रतीक है।"
पाखी ने आगे बताया कि मां ब्रह्मचारिणी की पूजा से भक्तों को मानसिक और शारीरिक शक्ति प्राप्त होती है। उनकी कृपा से बुद्धि, ज्ञान और दीर्घायु की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही, मां अपने भक्तों को अकाल मृत्यु से भी बचाती हैं। इस दिन लाल रंग का विशेष महत्व है, क्योंकि यह मां का प्रिय रंग माना जाता है। मां का मंत्र "ऊं देवी ब्रह्मचारिण्यै नमः" का जाप करने से भक्तों को विशेष फल की प्राप्ति होती है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, देवी ब्रह्मचारिणी का जन्म राजा हिमालय और रानी मेना की पुत्री पार्वती के रूप में हुआ था। उन्होंने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था।
पाखी हेगड़े ने अपने करियर की शुरुआत दूरदर्शन के शो ‘मैं बनूंगी मिस इंडिया’ से की थी। इसके बाद उन्होंने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और पहली फिल्म मनोज तिवारी के साथ की, जिसका नाम ‘भईया हमार दयावान’ था। पाखी ने मनोज तिवारी के अलावा रवि किशन, पवन सिंह, खेसारी लाल और दिनेश लाल के साथ कई सुपरहिट फिल्में दी हैं।