जैकी श्रॉफ ने मन्ना डे और जीवन को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, जानें इनकी अनमोल विरासत
Stressbuster Hindi October 25, 2025 08:42 AM
जैकी श्रॉफ की श्रद्धांजलि



मुंबई, 24 अक्टूबर। अभिनेता जैकी श्रॉफ ने शुक्रवार को हिंदी सिनेमा के दो महान कलाकारों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने अपनी कला से दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। इनमें से एक हैं मन्ना डे, जिन्हें 'सुरों के जादूगर' के नाम से जाना जाता है, और दूसरे हैं ओंकार नाथ धर, जिन्हें हम जीवन के नाम से पहचानते हैं। आज का दिन मन्ना डे की पुण्यतिथि और ओंकार नाथ धर का जन्मदिन है।


जैकी श्रॉफ ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इन दोनों दिग्गजों को याद करते हुए लिखा, "मन्ना डे जी हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।"


मन्ना डे हिंदी सिनेमा के उन गायकों में से एक थे, जिन्होंने अपनी अनोखी शैली और मधुर आवाज से संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाई। कोलकाता के निवासी मन्ना डे ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म 'तमन्ना' से की थी। 50 से 70 के दशक में, वे मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और मुकेश जैसे दिग्गजों के साथ मिलकर हिंदी सिनेमा के संगीत को नई ऊंचाइयों पर ले गए।


उन्होंने हिंदी, बंगाली, गुजराती, मराठी, मलयालम और कन्नड़ जैसी कई भाषाओं में गाने गाए हैं। उनके प्रसिद्ध गानों में 'लागा चुनरी में दाग,' 'एक चतुर नार,' 'ऐ मेरी जोहरा जबीं,' 'यारी है ईमान मेरा,' 'झनक झनक तोरी बाजे पायलिया' और 'बाबू समझो इशारे' शामिल हैं। मन्ना डे का निधन 24 अक्टूबर 2013 को हुआ, लेकिन उनकी आवाज आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में गूंजती है।


वहीं, जैकी श्रॉफ ने ओंकार नाथ धर की जन्मतिथि पर उनकी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "ओंकार नाथ धर (जीवन)।"


जीवन का जन्म 24 अक्टूबर 1915 को श्रीनगर में हुआ था। उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में एक खास स्थान बनाया। हिंदी सिनेमा में उन्होंने 49 बार नारद मुनि की भूमिका निभाई है। हालांकि, उन्हें खलनायक के किरदारों के लिए भी जाना जाता है।


उनकी कुछ प्रमुख फिल्मों में 'नागिन', 'मदर इंडिया', 'मुगल-ए-आजम', 'अमर अकबर एंथनी' और 'लावारिस' शामिल हैं। उनकी अनोखी शैली और स्क्रीन पर मौजूदगी ने उन्हें दर्शकों का प्रिय बना दिया। जीवन का निधन 10 जून 1987 को हुआ, लेकिन उनकी विरासत आज भी हिंदी सिनेमा में जीवित है।


© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.