दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न समुद्री तूफान 'दितवाह' ने अपनी गति बढ़ा दी है और यह उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते संभावित क्षेत्रों के लिए प्री-साइक्लोन अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अनुमान है।
सूत्रों के अनुसार, 'दितवाह' श्रीलंका के पोट्टुविल के पास, बट्टिकलोआ से लगभग 90 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और चेन्नई से लगभग 700 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में स्थित है। भारतीय मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और 30 नवंबर की शुरुआत तक उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी-दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों के पास पहुंच जाएगा।
नवंबर के अंत तक तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि 28 और 29 नवंबर को कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश की उम्मीद है। रायलसीमा में 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिसमें 30 नवंबर को विशेष रूप से भारी बारिश का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी इसी तरह की स्थिति रहने की संभावना है।
तमिलनाडु, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, साथ ही 27 से 29 नवंबर के बीच द्वीपों पर 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के प्रभावित क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि लैंडफॉल की संभावना का अनुमान तभी लगाया जा सकता है जब ट्रैक और स्पीड में बदलाव होगा। तमिलनाडु स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने राज्य में डिजास्टर मैनेजमेंट के लिए विशेष कार्यों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की अध्यक्षता में एक बैठक बुलाई।