Padma Awards 2026: गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय फिल्म उद्योग के कई सितारों को 'पद्म पुरस्कारों' से सम्मानित किया जाएगा। भारत सरकार ने इस संबंध में आधिकारिक घोषणा कर दी है। गृह मंत्रालय ने पुरस्कारों की सूची जारी की है, जिसमें बॉलीवुड के 'हीमैन' धर्मेंद्र सिंह देओल को मरणोपरांत देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, प्रसिद्ध गायक अलका याज्ञनिक और दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी को 'उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा' के लिए पद्म भूषण से नवाजा जाएगा। आर माधवन, प्रोसेनजीत चटर्जी और दिग्गज अभिनेता सतीश शाह (मरणोपरांत) को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा।
भारतीय सिनेमा के महान कलाकार धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे, उनका निधन 2025 के अंत में हुआ। अपनी अदाकारी और दोस्ताना स्वभाव से उन्होंने दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई। उनकी कई यादगार फिल्में आज भी फैंस के दिलों में बसी हुई हैं। धर्मेंद्र को 2012 में सिनेमा में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।
भारतीय संगीत की मशहूर गायिका अलका याग्निक को पद्म भूषण के लिए चुना गया है। 90 के दशक से लेकर 2000 के शुरुआती वर्षों तक, उनके गानों की लोकप्रियता कभी कम नहीं हुई। उनकी सुरीली आवाज आज भी लोगों के दिलों को छूती है। अलका याग्निक को अब तक सात बार 'फिल्मफेयर बेस्ट प्लेबैक सिंगर' का पुरस्कार मिल चुका है, और अब उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण (2026) से सम्मानित किया गया है।
साउथ से लेकर बॉलीवुड तक अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने वाले आर माधवन को पद्म श्री सम्मान मिलना उनके लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने भारतीय सिनेमा में कई यादगार किरदार निभाए हैं। उनके सिनेमा के प्रति जुनून और प्रतिभा को हमेशा सराहा गया है, और इसी योगदान के लिए उन्हें 2026 में पद्म श्री से नवाजा गया है।