England Cricketer Tony Pigott Passes Away: इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर टोनी पिगट का 67 साल के उम्र में निधन हो गया है. साल 1978 में टोनी पिगट ने ससेक्स के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था. पिगट का डेब्यू सरे के खिलाफ हुआ था, जिसमें उन्होंने शानदार हैट्रिक ली थी. इंग्लैंड के लिए टोनी पिगट ने सिर्फ एक इंटरनेशनल मैच खेला. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले टेस्ट में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. इसके बाद पिगट को इंग्लैंड के लिए खेलने का दोबारा मौका नहीं मिला. हालांकि, पिगट ने अपने क्रिकेट करियर में 1000 से ज्यादा विकेट चटकाए और उनका क्रिकेट करियर दो दशक लंबा रहा था.
टोनी पिगट ने ससेक्स के लिए खेला 18 साल क्रिकेट
पूर्व तेज गेंदबाज टोनी पिगट ने ससेक्स के लिए 18 साल फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेला. उन्होंने साल 1994 में ससेक्स का साथ छोड़ सरे के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलना शुरू किया. हालांकि, कई बार हुई बैक इंजरी की वजह से वो इस काउंटी टीम के लिए ज्यादा नहीं खेल पाए और संन्यास लेने को मजबूर हो गए.
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला इकलौता इंटरनेशनल मैच
इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टोनी पिगट का साल 1984 में इंटरनेशनल डेब्यू हुआ था. न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले गए उस टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 17 ओवर में 75 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए थे. न्यूजीलैंड के ब्रूस एडगर उनका पहला शिकार रहे थे, वहीं दूसरा विकेट उन्होंने जर्मी कोने का लिया था. पिगट के डेब्यू टेस्ट में इंग्लैंड को पारी और 132 रन से हार का सामना करना पड़ा था.
कैसा रहा टोनी पिगट का क्रिकेट करियर?
साल 1995 में टोनी पिगट ने अपने क्रिकेट करियर का आखिरी मैच खेला था. क्रिकेट से रिटायर होने के बाद वो ससेक्स के CEO की भूमिका में भी रहे. अगर बात करें पिगट के क्रिकेट करियर की, तो उन्होंने 6,500 से ज्यादा रन बनाने के अलावा 1000 से ज्यादा विकेट भी अपने नाम किए. बतौर तेज गेंदबाज इंटरनेशनल क्रिकेट में 2 विकेट लेने वाले पिगट ने फर्स्ट क्लास करियर में 672 विकेट चटकाने के अलावा लिस्ट ए क्रिकेट में 377 विकेट चटकाने में सफल रहें. इन दोनों फॉर्मेट को मिलाकर उन्होंने कुल 1,051 विकेट झटके.