सिंगर-कंपोजर अमाल मलिक हाल ही में सलमान खान के मोस्ट कॉन्ट्रोवर्शियल रियलिटी शो बिग बॉस 19 में नज़र आए थे और उनकी पर्सनैलिटी और सच्चाई ने कई फैंस को इम्प्रेस किया था. हालांकि शो के दौरान अमला की बीमारियों ने भी ध्यान खींचा था. अमाल ने खुद शो में कई बार अपनी शारीरिक बीमारियों के बारे में बात की थी. वहीं अब, एक इंटरव्यू में अमाल मलिक ने उन सभी सर्जरी और टूटी हड्डियों के बारे में बताया जिनसे उन्हें गुज़रना पड़ा था.
अमाल मलिक की चीकबोन टूट गई थी
बता दें कि पिंकविला संग एक बातचीत में अमाल मलिक ने उन सभी सर्जरी और टूटी हड्डियों के बारे में बताया जिनसे उन्हें गुज़रना पड़ा था. अमाल ने कहा, "मेरी कुछ सर्जरी होनी बाकी हैं, मेरे घुटने का एसीएल टूटा हुआ है. जब मैं 19 साल का था तब मेरी पूरी चीकबोन टूट गई थी, और उन्हें उसे दोबारा बनाना पड़ा था. मेरे जबड़े के आसपास 45 टांके लगे हैं, मेरा दाहिना कंधा डिसलोकेटेड है, मेरा बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया है, और मेरी नाक टूटी हुई है. मैं टर्मिनेटर जैसा हूं; मैं हर दिन उठता हूं और काम करता हूं. यह मेरी मानसिक ताकत है जो मुझे आगे बढ़ाती है."
अमाल आगे कहते हैं,"अब, मुझे धीरे-धीरे इन चीजों को ठीक करना है और उन पर काम करना है. शुक्र है, अच्छे नी ब्रेस हैं जो मुझे शो में परफॉर्म करने में मदद करते हैं. एक समय था जब मेरा पूरा घुटना घूम जाता था और अपनी जगह से हट जाता था, यह बिग बॉस 19 के फिनाले परफॉर्मेंस के दौरान हुआ था, जब मैंने एक डांस सीक्वेंस में टर्न लिया था, और मेरे घुटने में दर्द हो गया था. कुछ फिजिकल चीज़ें हैं जिन्हें ठीक करने की ज़रूरत है, उस समय मेरे पास पैसे नहीं थे; अब मेरे पास समय नहीं है."
चेहरे की सर्जरी के लिए लेना पड़ा था 5 लाख का लोन
अमाल ने बताया, “सर्जरी महंगी हो गई हैं, अपने चेहरे की सर्जरी करवाने के लिए, मुझे सिर्फ़ मैक्सिलोफेशियल सर्जरी के लिए 5 लाख रुपये का लोन लेना पड़ा था. मेरी दाहिनी तरफ की खोपड़ी टूट गई थी, और मैंने इस सब के बावजूद काम किया है. मेरे 12वीं के एग्जाम के दौरान, मेरा पूरा चेहरा टूट गया था, मैंने एक डिवाइस की मदद से 3-4 घंटे तक अपनी आंखें खुली रखीं और पेपर लिखे, मैंने सभी शारीरिक और भावनात्मक मुश्किलों का सामना किया है. मैं बस सब कुछ ठीक कर रहा हूं. मेरी 35 साल की उम्र बीत गई है, क्योंकि यह लड़ाई तब शुरू हुई थी जब मैं पांच साल का था.”
इस बीच, वर्क फ्रंट की बात करें तो, अमाल सोशल मीडिया पर फरहाना भट्ट के साथ तस्वीरें शेयर कर रहे हैं. बिग बॉस 19 के कंटेस्टेंट रह चुके अमाल और फरहाना जल्द ही एक म्यूज़िक वीडियो में साथ नज़र आएंगे.