'रोहित की लैगेसी को कैरी करना मुश्किल होगा' टी20 वर्ल्ड कप से पहले कप्तान सूर्या को लेकर इरफान पठान का बोल्ड बयान
CricTracker Hindi February 04, 2026 05:42 AM

पूर्व भारतीय क्रिकेटर व टी20 वर्ल्ड कप विजेता रहे इरफान पठान ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले सूर्यकुमार यादव की कप्तानी को लेकर बड़ा बयान दिया है। बता दें कि इस बार टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू हो रहा है।

सूर्यकुमार यादव जिन्होंने पिछले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत की चैंपियन बनाने वाले कप्तान रोहित के बाद टी20 क्रिकेट में कप्तानी करना शुरू किया, उनका ट्रैक रिकाॅर्ड भी काफी शानदार रहा है।

सूर्या की कप्तानी में भारत ने अभी तक एक भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं गंवाई है। साथ ही भारत ने एशिया कप 2025 को अजेय रहते हुए अपने नाम किया था। हालांकि, पूर्व ऑलराउंंडर का मानना है कि रोहित की कप्तानी लैगेसी को आगे ले जाना, सूर्या के लिए आसान नहीं रहने वाला है।

इरफान पठान ने रखा अपना पक्ष

हाल में अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड एक ताजा वीडियो में इरफान ने कहा- “सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सूर्यकुमार यादव रोहित शर्मा की लैगेसी को आगे बढ़ा पाएंगे? रोहित शर्मा की लैगेसी को आगे ले जाना मुश्किल है। अच्छी बात यह है कि वह फॉर्म में वापस आ चुके हैं। कप्तान विश्व कप में कैसा प्रदर्शन करते हैं, यह बहुत महत्वपूर्ण है, सब कुछ उसी पर निर्भर करता है। हमें सूर्यकुमार यादव को पहले की तरह खेलते हुए देखने को मिला, उनका वही पुराना अंदाज और वही रणनीति।”

इरफान ने आगे कहा- “चाहे वह 1983 हो, 2007 हो, 2011 हो, 2013 हो या 2024, भारत ने आईसीसी की जितनी भी ट्रॉफियां जीती हैं, उन सभी में कप्तान की भूमिका और नेतृत्व, जिस तरह से वे खिलाड़ियों को प्रेरित करते हैं, वह बहुत महत्वपूर्ण रहा है।”

दूसरी ओर, इरफान का कहना भी सही है। क्योंकि रोहित ने जिस परिस्थितियों में विराट कोहली के बाद, भारतीय टीम का नेतृत्व व्हाइट बाॅल क्रिकेट में किया, वह काबिलेतारीफ है। रोहित की कप्तानी में भारत ने दो आईसीसी ट्राॅफियां (टी20 वर्ल्ड कप 2024, चैंपियंस ट्राॅफी 2025) जीती। तो वहीं, अजेय रहते हुए भारत ने वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में जगह बनाई, लेकिन भारत आखिरी मुकाबला नहीं जीत पाया। साथ ही कप्तान रोहित को खिलाड़ियों को बैक करने का अंदाज भी निराला था।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.