फिरोजाबाद में पिता ने बेटे की हत्या कर शव बक्से में किया बंद
Tarunmitra February 04, 2026 06:42 AM

फिरोजाबाद । जिले के मोहल्ला जिजौली में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि एक पिता ने अपने 12 वर्षीय बेटे की हंसिए से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने बच्चे के शव को घर में ही एक बक्से में बंद कर ताला लगा दिया और फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। घर के भीतर सीढ़ियों से लेकर कमरों और रसोई तक फर्श व दीवारों पर खून के छींटे मिले। शुरुआती जांच में सामने आया कि बच्चे ने बचने के लिए काफी संघर्ष किया था।

मृतक की मां उर्मिला देवी निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 3 बजे जब वह स्कूल से घर लौटीं तो घर में खून फैला हुआ था और बेटा मयंक नजर नहीं आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बक्से में बंद मिला शव, पुलिस ने तोड़ा ताला

पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान स्टोर रूम में रखे एक बंद बक्से तक पहुंचकर ताला तोड़ा, तब अंदर बच्चे का शव मिला। पुलिस का कहना है कि घर में फैले रक्त के निशानों के आधार पर एक “ब्लड रूटमैप” तैयार किया गया, जिससे बक्से तक पहुंचने में मदद मिली।

साक्ष्य मिटाने की कोशिश, पीछे प्लॉट से हंसिया बरामद

जांच के दौरान पुलिस को घर के पीछे एक खाली प्लॉट से हत्या में प्रयुक्त हंसिया और खून से सना बोरा बरामद हुआ है। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने घटना के बाद सबूत मिटाने के लिए फर्श साफ करने और बक्से को पानी से धोने की कोशिश की थी।परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद और संपत्ति को लेकर तनाव चल रहा था। पत्नी ने आरोप लगाया है कि इसी विवाद के चलते पति ने बेटे की हत्या की। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है।

शरीर पर कई चोटें, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस के अनुसार बच्चे के सिर, चेहरे, कान, हाथ, पेट और सीने सहित शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि आरोपी पिता को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया है हैं।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.