संजू सैमसन छोड़ दें टी20 वर्ल्ड कप का ख्वाब, पूरे टर्नामेंट गर्म करनी पड़ेगी बेंच?
एबीपी लाइव February 05, 2026 01:12 AM

Sanju Samson, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) से पहले टीम इंडिया अपने दूसरे और आखिरी वॉर्म मैच के लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकेडमी पर उतरी. इस मैच के जरिए कहीं न कहीं एक चीज तो साफ हो गई कि आगामी टी20 विश्व कप में ओपनर और विकेटकीपर संजू सैमसन को बेंच गर्म करनी पड़ सकती है. 

बता दें कि पिछले यानी 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में भी संजू सैमसन बेंच गर्म करते नजर आए थे. इस बार यानी 2026 के टी20 विश्व कप में भी ऐसा ही होने के आसार नजर आ रहे हैं. संजू का खराब फॉर्म उनके लिए मुसीबत बन सकता है. खुद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने संजू के बाहर बैठने का बड़ा हिंट दे दिया है. 

अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म अप मैच में संजू को नहीं मिली जगह 

अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म अप मैच में संजू सैमसन को खेलने का मौका नहीं मिला. कप्तान सूर्या ने मैच के टॉस के बाद कहा कि मैच में ओपनिंग पर अभिषेक शर्मा के साथ ईशान किशन नजर आएंगे. हुआ भी ऐसा ही. ओपनिंग पर अभिषेक और ईशान की जोड़ी उतरी. यहां भी ईशान ने मौके का फायदा उठाते हुए सिर्फ 20 गेंदों में 2 चौके और 7 छक्कों की मदद से 53 रन की पारी खेली. इस पारी के बाद ईशान रिटायर्ड आउट हुए. 

ईशान ने पेश की ओपनिंग की दावेदारी 

टूर्नामेंट से पहले आखिरी वॉर्म अप मैच में ईशान का ओपनिंग पर उतरना साफ तौर पर इस बात की तरफ इशारा कर देता है कि उनकी यह जगह फिक्स हो चुकी है. टी20 विश्व कप से पहले टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली थी, जिसमें ईशान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे. उन्होंने 4 मैचों की 4 पारियों में 53.75 की औसत और 231.18 के ताबड़तोड़ स्ट्राइक रेट से 215 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला. 

वहीं दूसरी तरफ संजू 5 मैचों की सीरीज में कुल मिलाकर 40 रन बना सके थे. लिहाजा ईशान की ओपनिंग पर जगह फिक्स होना और संजू का बेंच गर्म करते नजर आना लगभग कंफर्म ही दिख रहा है. ईशान भी संजू की तरह विकेटकीपर हैं. वॉर्म अप मैच में भी संजू विकेटकीपर के रूप में नजर आए. अब देखना दिलचस्प होगा कि विश्व कप में सूर्यकुमार यादव किस कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर नजर आते हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.