15 दिनों में राजधानी से 807 लोग कहां गायब? अरविंद केजरीवाल का दिल्ली सरकार पर निशाना
TV9 Bharatvarsh February 05, 2026 01:43 AM

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार पर राजधानी की सुरक्षा को लेकर निशाना साधा है. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में चार इंजन की सरकार है लेकिन यहां के आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में सिर्फ 15 दिनों में ही 807 लोग गायब हो गए. इनमें सबसे ज्यादा महिलाएं और बच्चे हैं. ये बेहद डराने वाले हालात हैं. दिल्ली में न सिर्फ आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, बल्कि बड़ी तादात में लोग गायब भी हो रहे हैं.

हर रोज करीब 54 लोग गायब हो रहे हैं- केजरीवाल

उन्होंने कहा कि दिल्ली में हर रोज करीब 54 लोग गायब हो रहे हैं, ये हालात बहुत चिंताजनक हैं. आम आदमी पार्टी ने इसी के साथ दिल्ली की जनता से सतर्क और सावधान रहने की भी अपील की है. इसी के साथ उन्होंने सवाल उठाया कि दिल्ली में हर स्तर पर भाजपा सरकार के पास पूरी ताकत है, फिर भी दिल्ली इतनी असुरक्षित क्यों है?

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से पूरी तरह से सतर्क रहने की अपील की है. पार्टी ने कहा है कि देश की राजधानी दिल्ली में पिछले 15 दिनों में 800 से ज्यादा लोग गायब हो गए हैं, इसमें से ज्यादातर बच्चियां हैं. आपके बच्चों की सुरक्षा करने में सरकार के चारों इंजन फेल हो गए हैं. इसलिए अपना और अपने बच्चों का ध्यान रखें.

दिल्ली की कानून व्यवस्था आईसीयू में है- केजरीवाल

आम आदमी पार्टी ने तंज कसा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था आईसीयू में है. 1 से 15 जनवरी के बीच 807 लोग लापता हुए हैं. हर दिन 54 लोग गायब हो रहे हैं. दिल्ली से ऐसे भयानक आंकड़ों के सामने कानून व्यवस्था लाचार हैं.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हर रोज दिन-दहाड़े हत्याएं हो रही हैं. सड़कों पर सरेआम मर्डर करके अपराधी फरार हो जाते हैं और दिल्ली पुलिस कोई एक्शन नहीं ले पाती. ऐसा आखिर कब तक चलेगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.