IND vs SA, Warm-up Match: भारतीय बल्लेबाजों का तूफानी शो, साउथ अफ्रीका के सामने खड़ा किया 241 रन का विशाल लक्ष्य
CricketnMore-Hindi February 05, 2026 07:42 AM

India vs South Africa, T20 World Cup 2026, warm-up match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खेले जा रहे वॉर्मअप मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की विस्फोटक शुरुआत ने मैच की रफ्तार पहले ही ओवर से तेज कर दी। मध्यक्रम में तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने आक्रामक अंदाज को आगे बढ़ाया। अंत के ओवरों में हार्दिक पांड्या की तेज पारी ने स्कोर को आसमान तक पहुंचा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 240 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 10वां वॉर्मअप मुकाबला बुधवार, 4 फरवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

भारत की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 34 गेंदों में 80 रन जोड़ दिए। ईशान किशन ने 20 गेंदों में 53 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 7 छक्के शामिल रहे, जबकि अभिषेक शर्मा ने 18 गेंदों में 24 रन बनाए। दोनों बल्लेबाज रिटायर्ड आउट हुए, लेकिन तब तक टीम को तेज शुरुआत दिला चुके थे।

इसके बाद तिलक वर्मा ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट खेलते हुए 19 गेंदों में 45 रन ठोके। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 16 गेंदों में 30 रन जोड़कर रनगति को बनाए रखा।

इसके अलावाअक्षर पटेल ने संयम और आक्रमण का शानदार मिश्रण दिखाते हुए 23 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए। वहीं अंत के ओवरों में हार्दिक पांड्या ने आते ही बड़े शॉट खेलते हुए 10 गेंदों में 30 रन ठोक दिए, जिससे स्कोर तेजी से भारत का स्कोर240 रन के पार पहुंच गया।

साउथ अफ्रीका की ओर से एनरिक नॉर्खिया, मार्को यान्सन, कॉर्बिन बॉश और क्वेना मफाका को एक-एक विकेट मिला।

भारत का स्क्वाड: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव।

Also Read: LIVE Cricket Score

साउथ अफ्रीका का स्क्वाड: एडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, रयान रिकल्टन, जॉर्ज लिंडे, जेसन स्मिथ, ट्रिस्टान स्टब्स, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्खिया, मार्को यान्सन, कगिसो रबाडा, डेविड मिलर।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.