मुस्तफिजुर रहमान को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा है, इसी कारण बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर भी होना पड़ा है. बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें अपनी टीम से बाहर कर दिया था, जिसे IPL 2026 के लिए हुए ऑक्शन में 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था. मुस्तफिजुर ने इसके बाद पाकिस्तान सुपर लीग में जाने का फैसला किया, जिन्हें ऑक्शन से पहले ही एक टीम ने अपने दल में शामिल कर लिया है. हालांकि आईपीएल के मुकाबले उनका प्राइस बहुत कम है.
पाकिस्तान सुपर लीग के आगामी संस्करण के लिए 11 फरवरी को ऑक्शन होना है. उससे पहले लाहौर कलंदर्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को डायरेक्ट कॉन्ट्रैक्ट कर अपनी टीम में शामिल कर लिया है. कलंदर्स ने उन्हें 6.44 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया है. बता दें कि मुस्तफिजुर का इस टीम से रिश्ता कोई नया नहीं है. इससे पहले वह 2 संस्करण में इसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे हैं, हालांकि 2016 में कंधे में चोट के कारण वह कोई मैच नहीं खेल सके थे. 2018 में उन्होंने इस टीम के लिए 5 मैच खेले, जिनमें 6.43 की इकॉनमी रेट से 4 विकेट लिए.
मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल 2026 में खेलने वाले थे, उन्हें ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 9 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा था. हालांकि बांग्लादेश में 2 युवकों की ह्त्या और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के बाद भारत में इसका विरोध हुआ, जिसके बाद बीसीसीआई ने केकेआर को निर्देश दिया कि वह मुस्तफिजुर को रिलीज करे. इसके बाद काफी विवाद हुआ, बांग्लादेश ने भारत आकर टी20 वर्ल्ड कप खेलने से मना कर दिया. आईसीसी द्वारा समझाने पर भी वह नहीं माने, जिसके बाद आईसीसी ने उन्हें टूर्नामेंट से ही बाहर कर दिया.
आपको लग रहा होगा कि 9.2 करोड़ से उन्हें अब 6.44 करोड़ मिलेंगे तो घाटा कम है. ऐसा नहीं है, क्योंकि भारतीय रुपये की तुलना में पाकिस्तानी रुपये की कीमत 3 गुना से भी कम है. तो 6.44 पाकिस्तानी रुपये भारतीय मुद्रा में 2 करोड़ 30 लाख के करीब बनते हैं, इसलिए मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल की राशि से करीब 7 करोड़ रुपये कम मिले हैं.