T20 World Cup 2026 Warm-Up Match: भारत ने उड़ाए नामीबिया के परखच्चे, 67 रन पर समेटकर दर्ज की 130 रन से धमाकेदार जीत
CricketnMore-Hindi February 07, 2026 05:42 AM

T20 World Cup 2026 Warm-Up Match, India A vs Namibia Highlights: 7 फरवरी से शुरु हो रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत-ए ने आखिरी वॉर्मअप मैच में जबरदस्त प्रदर्शन दिखाया। रियान पराग और नमन धीर की शतकीय साझेदारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। गेंदबाजी में भारतीय गेंदबाजों ने नामीबिया के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। लगातार विकेट गिरने से नामीबिया कभी भी मुकाबले में लौट नहीं सकी और भारत-ए ने एकतरफा अंदाज में 130 रन से बड़ी जीत अपने नाम की।

यह 16वां और आखिरी वॉर्मअप मुकाबला शुक्रवार (6 फरवरी) को भारत-ए और नामीबिया के बीच आखिरी मुकाबला बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-1 में खेला गया। इस मैच में भारत-ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।

भारतीय टीम की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि उर्विल पटेल भी 14 रन ही जोड़ सके। इसके बाद रियान पराग और नमन धीर ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 65 गेंदों में 111 रन की शानदार साझेदारी निभाई।

रियान पराग ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 69 रन ठोके, जिसमें 5 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। वहीं नमन धीर ने तेजी से 29 गेंदों में 39 रन बनाकर रनगति बनाए रखी। अंत के ओवरों में आशुतोष शर्मा ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए 21 गेंदों में 35 रन की अहम पारी खेली, जिसके दम पर भारत-ए ने 197 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

नामीबिया की ओर से कप्तान गेरहार्ड इरास्मस, मैक्स हेंगो और रूबेन ट्रम्पेलमैन ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि विलेम मायबर्ग और बर्नार्ड शोल्ट्ज को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई। टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज लॉरेन स्टीनकैंप, मालन क्रूगर और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस खाता भी नहीं खोल सके। सलामी बल्लेबाज जान फ्राइलिनक ने जरूर 12 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के चलते वह भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए।

निचले क्रम में डायलन लीचर ने 20 गेंदों में 22 रन जोड़कर थोड़ी कोशिश की, मगर इसके अलावा कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। कुल मिलाकर नामीबिया के 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए और पूरी टीम सिर्फ 67 रन पर सिमट गई।

भारत-ए की ओर से गेंदबाजी में मयंक यादव, अशोक शर्मा, विपराज निगम और गुरजपनीत सिंह ने 2-2 विकेट झटके। वहीं कप्तान आयुष बडोनी और रवि बिश्नोई को भी 1-1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस तरह भारत-ए ने 130 रन से शानदार जीत दर्ज कर वर्ल्ड कप से पहले अपनी तैयारियों को मजबूती दी।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.