India vs USA Head to Head Records: पहले ही मैच में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएगा भारत? अमेरिका के खिलाफ ऐसे हैं आंकड़े
TV9 Bharatvarsh February 07, 2026 10:42 AM

India vs USA Head to Head Records, T20 World Cup 2026 News in Hindi: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होने जा रही है. डिफेंडिंग चैंपियन भारत अपना पहला मुकाबला आज यानी 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगा. सुर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की प्रबल दावेदार है. 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने खिताब जीता है. इस बार भी टीम इंडिया के पास एक दमदार जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करने का मौका है.

भारत-अमेरिका के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड

भारत और USA की टीमों के बीच टी20 इंटरनेशनल में अब तक सिर्फ एक मुकाबला हुआ है, जो 2024 टी20 वर्ल्ड कप में न्यूयॉर्क में खेला गया था. उस मैच में भारत ने आसानी से जीत दर्ज की थी. तब USA की टीम ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 110 रन ही बनाए थे. वहीं, भारत ने टारगेट को 18.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल किया था. अब दूसरी बार आमने-सामने होने पर भी भारत का पलड़ा भारी दिख रहा है.

भारत के पास वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले ही मैच में टीम इंडिया के पास एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा. दरअसल, भारतीय टीम ने पिछले एडिशन में लगातार 8 मैच जीते थे. ऐसे में टीम इंडिया इस मैच में USA को हरा देती है तो टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ये लगातार 9वीं जीत होगी. इसी के साथ भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बन जाएगी. फिलहाल भारतीय टीम साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं, जो लगातार 8-8 जीत का कारनामा कर चुकी हैं.

दोनों टीमों का स्क्वॉड

भारत का स्क्वॉड: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल (उपकप्तान) और वॉशिंगटन सुंदर.

USAका स्क्वॉड: मोनांक पटेल (कप्तान), जेसी सिंह, एंड्रीज गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शायन जहांगीर, सैतेजा मुक्कमाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्टुश केनजिगे, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रवालकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजाने.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.