T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला लगातार सुर्खियों में है. 15 फरवरी को कोलंबो में प्रस्तावित इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर स्थिति साफ नहीं है. पाकिस्तान की ओर से मैच न खेलने का निर्णय लेने के बाद क्रिकेट फैंस और आयोजकों की चिंता बढ़ गई है. इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस पूरे मामले पर बयान दिया है.
ICC के फैसले पर टिकी भारत की नजर
BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ शब्दों में कहा है कि भारत इस मुद्दे पर ICC के फैसले का इंतजार करेगा. दिल्ली में भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के आवास पर भारतीय टीम के लिए एक डिनर पार्टी रखी गई थी. इसी के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि BCCI किसी भी तरह का अलग फैसला नहीं लेगा. शुक्ला के मुताबिक, टूर्नामेंट ICC के तहत खेला जा रहा है और जो भी निर्णय ICC लेगा, भारत उसका पूरी तरह पालन करेगा.
विवाद से दूरी बनाए रखना चाहता है BCCI
राजीव शुक्ला के बयान से यह साफ हो गया है कि BCCI इस संवेदनशील मुद्दे में सीधे तौर पर शामिल नहीं होना चाहता है. भारत की कोशिश है कि राजनीतिक या कूटनीतिक विवादों से दूर रहते हुए क्रिकेट पर फोकस रखा जाए. बोर्ड ने जिम्मेदारी ICC पर छोड़ दी है, ताकि टूर्नामेंट की निष्पक्षता और व्यवस्था बनी रहे.
पाकिस्तान के रुख में उतार-चढ़ाव
पाकिस्तान की ओर से पहले यह संकेत दिए गए थे कि वह भारत के खिलाफ ग्रुप मैच नहीं खेलेगा. रिपोर्ट्स के अनुसार, बांग्लादेश के भारत आकर ना खेलने के फैसले का समर्थन करते हुए पाकिस्तान ने यह निणर्य लिया था. हालांकि बाद में ICC और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद पाकिस्तान के रुख में नरमी आने की खबरें भी सामने आई हैं. फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.
गंभीर ने भारतीय टीम के लिए किया डिनर का आयोजन
जहां एक तरफ भारत-पाक मैच को लेकर चर्चा तेज है, वहीं भारतीय टीम मैदान पर अपने प्रदर्शन पर ध्यान लगाए हुए है. रविवार को टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर खिलाड़ियों के लिए डिनर पार्टी रखी थी. इस मौके पर खिलाड़ियों ने अनौपचारिक माहौल में समय बिताया और अगले मुकाबले की तैयारियों पर चर्चा की.
अमेरिका के खिलाफ जीत के बाद टीम इंडिया का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही है. अब सबकी निगाहें ICC के फैसले पर टिकी हैं, जो तय करेगा कि क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला होगा या नहीं.