T20 वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे शर्मनाक स्कोर, जब 100 रन भी नहीं बना पाई पूरी टीम
एबीपी लाइव February 09, 2026 11:12 AM

आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप का इतिहास रोमांचक मुकाबलों, बड़े स्कोर और आखिरी ओवर तक खिंचने वाले मैचों के लिए जाना जाता है. हालांकि इसी टूर्नामेंट में कई बार ऐसी पारियां भी देखने को मिली हैं, जिन्होंने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया. कुछ टीमें दबाव में पूरी तरह बिखर गईं और बेहद कम स्कोर पर सिमट गईं. आइए जानते है टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ऐसे ही टॉप 5 शर्मनाक रिकॉर्ड के बारे में

युगांडा बनाम वेस्टइंडीज (8 जून 2024 )

आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे कम स्कोर बनाने का अनचाहा रिकॉर्ड युगांडा के नाम दर्ज है. साल 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ प्रोविडेंस में खेले गए मुकाबले में युगांडा की टीम सिर्फ 39 रन पर ऑलआउट हो गई थी. उनकी पूरी पारी महज 12 ओवर में सिमट गई और टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा.

नीदरलैंड्स बनाम श्रीलंका (8 जून 2024)

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में दूसरा सबसे कम स्कोर भी 39 रन ही रहा, जो नीदरलैंड्स ने बनाया है. साल 2014 में चट्टोग्राम में श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए नीदरलैंड्स की बल्लेबाजी पूरी तरह चरमरा गई थी. श्रीलंकाई गेंदबाजों के आगे नीदरलैंड्स के बल्लेबाज टिक नहीं पाए और टीम एक शर्मनाक स्कोर पर आउट हो गई.

युगांडा बनाम न्यूजीलैंड (14 जून 2024)

युगांडा का नाम इस शर्मनाक सूची में दूसरी बार भी शामिल है. 2024 में त्रिनिदाद के तरौबा मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ युगांडा की पूरी टीम सिर्फ 40 रन पर सिमट गई थी. मजबूत कीवी गेंदबाजी के सामने युगांडा के बल्लेबाज एक बार फिर नाकाम साबित हुए थे.

नीदरलैंड्स बनाम श्रीलंका (22 अक्टूबर 2021) 

नीदरलैंड्स ने 2021 टी20 वर्ल्ड कप में भी निराश किया था. शारजाह में श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए टीम महज 44 रन बना सकी थी. यह मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा और नीदरलैंड्स को बड़ी हार झेलनी पड़ी.

ओमान बनाम इंग्लैंड (13 जून 2024)

2024 टी20 वर्ल्ड कप में ओमान की टीम भी बड़े मंच का दबाव नहीं झेल सकी थी. नॉर्थ साउंड में इंग्लैंड के खिलाफ ओमान की पूरी पारी सिर्फ 47 रन पर खत्म हो गई. इंग्लैंड के तेज और सटीक गेंदबाजों ने ओमान को संभलने का कोई मौका नहीं दिया.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले चेतावनी भरे आंकड़े

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी और फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा. भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में फैंस को उम्मीद है कि टीमें ऐसे शर्मनाक रिकॉर्ड से बचते हुए ज्यादा प्रतिस्पर्धी क्रिकेट दिखाएंगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.