Wanindu Hasaranga Broke Shahid Afridi Record: आईसीसी टी20 मेंस वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मैच में श्रीलंका के स्टार लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. हसरंगा ने आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में अपने 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 3 विकेट चटकाए. इन तीन विकेट के साथ हसरंगा टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं. हसरंगा ने साल 2021 में अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप खेला था, तब से लेकर इस टूर्नामेंट में हसरंगा अभी तक 40 विकेट चटका चुके हैं, जबकि 2007 से 2016 तक 6 टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाले शाहिद अफरीदी ने इस टूर्नामेंट में 39 विकेट चटकाए थे.
शाकिब अल हसन हैं टी20 वर्ल्ड कप में नंबर-1 गेंदबाज
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में बांग्लादेश के पूर्व स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन टॉप पर हैं. साल 2007 से 2024 तक सभी टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाले शाकिब इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 50 विकेट चटका चुके हैं. इस लिस्ट में हैरानी करने वाली बात ये है कि 2 बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली टीम इंडिया का कोई गेंदबाज टॉप-5 में मौजूद नहीं है, जबकि आर अश्विन 32 विकेट के साथ 13वें पायदान पर मौजूद हैं.
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज
1. शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) - 50 विकेट
2. वानिंदु हसरंगा (श्रीलंका) - 40 विकेट
3. शहीद अफरीदी (पाकिस्तान) - 39 विकेट
4. राशिद खान (अफगानिस्तान) - 38 विकेट
5. लसिथ मलिंगा (श्रीलंका) - 38 विकेट
श्रीलंका बनाम आयरलैंड का कैसा रहा मैच?
आयरलैंड के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने ने उतरी श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 163 रन का स्कोर खड़ा किया. इस मैच में कुशल मेंडिस ने 56 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि कामिंदु मेंडिस ने अंत में 19 गेंदों पर 44 रन बनाकर धमाकेदार कैमयो खेला. इस स्कोर का पीछा करते हुए आयरलैंड का स्कोर एक समय पर 15 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 113 रन था, लेकिन आयरलैंड की टीम आखिरी 5 ओवर में दबाव नहीं झेल पाई और 19.5 ओवर में 143 पर सिमट गई. ये मैच श्रीलंका ने 20 रनों से अपने नाम किया.