5 सबसे खतरनाक एयरपोर्ट, जहां उतरते समय कांप जाते हैं पायलट, लिस्ट में एशिया के दो हवाई अड्डे
एबीपी लाइव February 09, 2026 12:12 PM

हवाई यात्रा के बिना लंबी दूरी तय करना संभव नहीं है, लेकिन दुनिया में कुछ एयरपोर्ट ऐसे भी हैं, जहां विमान उतारना पायलट्स के लिए जान जोखिम में डालने जैसा होता है. The Luxury Travel Expert ने दुनिया के 5 सबसे खतरनाक एयरपोर्ट की सूची जारी की है. इन जगहों पर थोड़ी सी गलती भी बड़े हादसे में बदल सकती है.

1. लुकला एयरपोर्ट, नेपाल

नेपाल का लुकला एयरपोर्ट दुनिया का सबसे खतरनाक एयरपोर्ट माना जाता है. इसे टेंजिंग-हिलरी एयरपोर्ट भी कहते हैं. यह समुद्र तल से करीब 2,860 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. यहां रनवे सिर्फ 527 मीटर लंबा है. एक तरफ ऊंची चट्टानें हैं और दूसरी तरफ गहरी खाई. यहां लैंडिंग के लिए विमान को सीधा नीचे उतारना पड़ता है. 2025 में यहां दो हादसों में 15 लोगों की मौत हो चुकी है. यहां सिर्फ बेहद अनुभवी पायलट्स को ही उतरने की इजाजत है.

2. पारो एयरपोर्ट, भूटान

भूटान का पारो एयरपोर्ट पहाड़ों से घिरा हुआ है. यह 2,200 मीटर की ऊंचाई पर है और इसके आसपास 5,500 मीटर ऊंचे पहाड़ हैं. यहां ऑटो सिस्टम काम नहीं करता, इसलिए पायलट को खुद विमान कंट्रोल करना पड़ता है. दुनिया में करीब 50 पायलट्स को यहां लैंडिंग की अनुमति है.

3. कूर्शेवेल एयरपोर्ट, फ्रांस

फ्रांस का कूर्शेवेल एयरपोर्ट एक स्की रिसॉर्ट के पास है. इसका रनवे सिर्फ 537 मीटर लंबा और बहुत ज्यादा ढलान वाला है. यहां नाइट लैंडिंग की सुविधा नहीं है और केवल आंखों के भरोसे विमान उतारे जाते हैं. सर्दियों में बर्फ इसे और खतरनाक बना देती है.

4. मदीरा एयरपोर्ट, पुर्तगाल

मदीरा एयरपोर्ट समुद्र के बीच बना हुआ है. यहां तेज हवाएं चलती हैं, जिससे लैंडिंग मुश्किल हो जाती है. पहले यहां कई हादसे हो चुके हैं. अब रनवे बढ़ाया गया है, फिर भी पायलट्स को खास ट्रेनिंग दी जाती है.

5. टोंकोटिन एयरपोर्ट, होंडुरास

होंडुरास का टोंकोटिन एयरपोर्ट पहाड़ी इलाके में है. यहां विमान को उतरने से पहले तेज मोड़ लेना पड़ता है. 2008 में हुए बड़े हादसे में 152 लोगों की मौत हो गई थी. आज भी इसे बेहद खतरनाक माना जाता है. इन एयरपोर्ट्स पर उतरना पायलट्स के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होता. यही वजह है कि इन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक एयरपोर्ट कहा जाता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.