ये हैं दुनिया के 8 धुरंधर गेंदबाज जिन्होंने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में लिया है हैट्रिक
एबीपी लाइव February 09, 2026 03:42 PM

Bowlers Who Taken Hat-tricks In T20 World Cup: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है. इस बार टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही है, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है. लीग स्टेज में सभी ग्रुप में से 2-2 टीमें सुपर-8 में पहुंचेगी, जिसके बाद नॉकआउट मुकाबला शुरू होगा. क्रिकेट के टी20 फॉर्मेट को गेंदबाजों के लिए सबसे ज्यादा मुश्किल माना जाता है, लेकिन इस मुश्किल में भी कुछ गेंदबाज कमाल कर जाते हैं. इस फॉर्मेट में ऐसे ही कुछ गेंदबाज हुए हैं जिन्होंने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने का कारनामा किया है. ऐसे में इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले आइए जानते हैं उन आठ गेंदबाजों के बारे में, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेकर इतिहास रचा है.

टी20 वर्ल्ड कप हैट्रिक लेने वाले 8 गेंदबाज

1. ब्रेट ली (ऑस्ट्रेलिया) 

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज गेंदबाज ब्रेट ली हैं. ब्रेट ली ने साल 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ ये कारनामा किया था.

2. कर्टिस कैंफर (आयरलैंड)

ब्रेट ली के बाद आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में 14 साल बाद आयरलैंड के कर्टिस कैंफर ने हैट्रिक लिया था. कैंफर ने ये कारनामा साल 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड के खिलाफ किया था. इसी के साथ टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कर्टिस कैंफर हैट्रिक लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए थे.

3. वानिंदु हसरंगा (श्रीलंका) 

श्रीलंका के ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा ने भी साल 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में ही हैट्रिक लेने का कमाल किया था. कर्टिस कैंफर के बाद हसरंगा ने भी हैट्रिक लेकर खूब सुर्खियां बटोरी थी. वानिंदु हसरंगा की ये कारनामा साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में किया था. इस टूर्नामेंट के इतिहास का तीसरा हैट्रिक था.

4. कगिसो रबाडा (साउथ अफ्रीका)

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 में ही साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने भी हैट्रिक लेकर सनसनी मचा दी थी. रबाडा ने इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में ये कारनामा किया था और ये टी20 वर्ल्ड कप का चौथा हैट्रिक था.

5. कार्तिक मैयप्पन (संयुक्त अरब अमीरात)

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के कार्तिक मैयप्पन आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले पांचवें गेंदबाज हैं. मैयप्पन ने ये कारनामा आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 में किया था. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ हैट्रिक लेकर इतिहास रचा था.

6. जोश लिटिल (आयरलैंड) 

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 में ही आयरलैंड के तेज गेंदबाज जोश लिटिल ने हैट्रिक लेने का कमाल किया था. जोश लिटिल ये कारनामा न्यूजीलैंड के खिलाफ किया था और आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले छठे गेंदबाज बन गए थे.

7. पैट कमिंस (ऑस्ट्रेलिया) 

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में लगातार दो बार हैट्रिक लेने का कारनामा किया था. कमिंस ने पहला हैट्रिक बांग्लादेश और उसके अगले ही मैच में उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ फिर से हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया था. लगातार दो हैट्रिक लेने वाले कमिंस दुनिया के इकलौते गेंदबाज भी हैं.

8. क्रिस जॉर्डन (इंग्लैंड) 

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में ही इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस जॉर्डन ने भी हैट्रिक हासिल की थी. जॉर्डन ने ये कारनामा अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में किया था. इसी के साथ टी20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले क्रिस जॉर्डन 8वें गेंदबाज बन गए थे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.