नरवणे की किताब को लेकर दिल्ली पुलिस ने की FIR, क्या राहुल गांधी पर भी कसेगा शिकंजा?
Webdunia Hindi February 10, 2026 08:42 AM

Delhi Police files FIR over Naravanes book: पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की पुस्तक के मामले में दिल्ली पुलिस ने विभिन्न ऑनलाइन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार फोरम पर उपलब्ध जानकारी का संज्ञान लिया है, जिसमें दावा किया गया था कि किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ (Four Stars of Destiny) की प्रकाशन से पहले की प्रति प्रसारित की जा रही है।

क्या कहा था राहुल गांधी ने?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इसी पुस्तक के आधार पर लोकसभा में मामला उठाया था और चीन को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा था। राहुल ने यह भी कहा था कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यह पुस्तक भेंट करना चाहते हैं। दरअसल, इस पुस्तक के प्रकाशन के लिए संबंधित प्राधिकरणों से आवश्यक मंजूरी अभी प्राप्त नहीं हुई है। माना जा रहा है कि इसी आधार पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी शिकंजा कसा जा सकता है।

किताब की पीडीएफ कई जगह उपलब्ध

जानकारी के मुताबिक इसी शीर्षक वाली एक टाइपसेट की हुई किताब की PDF कॉपी कुछ वेबसाइटों पर उपलब्ध है, जिसे कथित तौर पर पेंगुइन रेंडम हाउस द्वारा तैयार किया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर किताब का तैयार कवर भी प्रदर्शित किया गया है। इसे इस तरह प्रदर्शित किया गया है, मानो यह पुस्तक खरीद के लिए उपलब्ध हो।

इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक इस पुस्तक के प्रकाशन के लिए आवश्यक मंजूरी मिलना अभी बाकी है।

पुस्तक को लेकर क्यों हैं विवाद

जनरल नरवणे की यह आत्मकथा 2020 के गलवान संघर्ष और लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध से जुड़े संवेदनशील विवरणों को शामिल करती है। पुस्तक 2024 से प्रकाशन के लिए लंबित है, क्योंकि इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कुछ हिस्से हैं, जिन्हें मंजूरी की आवश्यकता है।

Edited by: Vrijendra Singh Jhala

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.