हार्दिक पंड्या को अपना आदर्श मानता है इटली का ये खिलाड़ी, T20 वर्ल्ड कप में खास मुलाकात की उम्मीद
एबीपी लाइव February 10, 2026 10:12 AM

टी20 वर्ल्ड कप 2026 इटली के लिए सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि क्रिकेट की दुनिया में खुद को साबित करने का बड़ा मंच भी है. फुटबॉल के लिए मशहूर इस देश की टीम ने जैसे ही वर्ल्ड कप में कदम रखा, वैसे ही एक खिलाड़ी अपनी अलग कहानी को लेकर चर्चा में आ गया है. यह खिलाड़ी हैं इटली के 25 वर्षीय ऑलराउंडर थॉमस ड्राका, जिनका सबसे बड़ा सपना भारत के स्टार क्रिकेटर हार्दिक पंड्या से मिलना है.

हार्दिक पंड्या से क्यों हैं इतने प्रभावित

थॉमस ड्राका मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज के लिए जाने जाते हैं.  उनका कहना है कि हार्दिक पंड्या का स्टाइल, उनकी निडर बल्लेबाजी,  गेंदबाजी और मैदान पर दिखने वाला आत्मविश्वास उन्हें सबसे ज्यादा प्रेरित करता है. यही वजह है कि वे अपने खेल में भी वही बेखौफ अंदाज अपनाने की कोशिश करते हैं.

मिलने पर क्या पूछेंगे हार्दिक से

ड्राका ने TOI के साथ एक इंटरव्यू में बताया कि अगर वर्ल्ड कप के दौरान उन्हें हार्दिक पंड्या से मिलने का मौका मिला, तो वे उनसे कई बातें सीखना चाहेंगे. उन्होंने मजाक में कहा की वो पहले हार्दिक से उनकी घड़ी की कीमत पूछेंगे. हालांकि असल में वो हार्दिक से उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी के बारे में जानना चाहेंगे. ड्राका खासतौर पर हार्दिक की ऑफ-कटर और नकल बॉल करने की कला को समझना चाहते हैं.

दिग्गजों से मिली ट्रेनिंग का फायदा

थॉमस ड्राका का सफर आसान नहीं रहा है. उन्हें क्रिकेट के बड़े नामों से सीखने का मौका मिला है. ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज डेनिस लिली उनके मेंटर रह चुके हैं. लिली ने उन्हें अनुशासन, फिटनेस और सही लाइन-लेंथ की अहमियत सिखाई है. इसके अलावा, वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर कार्लोस ब्रेथवेट के साथ भी ड्राका ने ट्रेनिंग की है, जिससे उनका आत्मविश्वास और बढ़ा है.

इटली को दिलाना चाहते हैं बड़ी पहचान

ड्राका का मानना है कि उनकी टीम किसी भी बड़ी टीम को चुनौती दे सकती है. इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीमों के साथ ग्रुप में होने के बावजूद वे सुपर-8 में पहुंचने का सपना देख रहे हैं. उनका कहना है कि अगर इटली बड़े मैच जीत लेती है, तो यह देश में क्रिकेट के लिए नई राह खोल सकता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.