रानी मुखर्जी उन चुनिंदा एक्ट्रेसेस में से हैं, जिन्हें बॉलीवुड के तीनों खान शाहरुख खान, आमिर खान और सलमान खान के साथ काम करने का मौका मिला है. तीनों सुपरस्टार इस साल 60 साल के हो चुके हैं और इसी के साथ उनके फिल्मी सफर को लेकर चर्चा और भी तेज हो गई है.
वहीं अब हाल ही में Galatta Plus से बातचीत में रानी मुखर्जी ने तीनों खान के साथ अपने काम को याद किया और बताया कि कैमरा ऑन होते ही शाहरुख, आमिर और सलमान तीनों का अंदाज बिल्कुल अलग हो जाता है. बता दें, रानी मुखर्जी ने सबसे पहले आमिर खान के साथ साल 1998 की फिल्म ‘ग़ुलाम’ में काम किया था. उन्होंने बताया कि उस वक्त यह उनके लिए किसी सपने जैसा था.
आमिर को लेकर क्या बोलीं रानी?
रानी ने कहा कि बचपन में उन्होंने आमिर को ‘कयामत से कयामत तक’ में देखा था और उन पर क्रश भी था. जब उन्हें ‘ग़ुलाम’ साइन करने का मौका मिला तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ कि वह इतने बड़े स्टार के साथ काम करने जा रही हैं. उन्होंने यह भी बताया कि आमिर के काम करने का तरीका उन्हें सबसे ज्यादा इंस्पायर करता था. हर सीन के लिए उनकी मेहनत, गंभीरता और किरदार में पूरी तरह डूब जाना रानी ने अपने शुरुआती दिनों में ही उनसे सीखा.

आमिर के बाद रानी मुखर्जी ने शाहरुख खान के साथ ‘कुछ कुछ होता है’ और ‘चलते चलते’ जैसी फिल्मों में काम किया. रानी ने बताया कि उन्होंने शाहरुख को भी बचपन में ‘डीडीएलजे’ में देखा था, जो 1995 में रिलीज हुई थी. उसी साल वह अपनी पहली फिल्म ‘राजा की आएगी बारात’ की शूटिंग कर रही थीं. रानी ने कहा कि आमिर और शाहरुख जैसे बड़े सितारों के साथ काम करना उनके लिए किसी सपने जैसा था. शाहरुख के साथ काम करते हुए उन्हें जो बात सबसे ज्यादा याद रही, वह थी उनका अपनापन और स्वभाव था.
शाहरुख रानी को 'बेबी' क्यों बुलाते हैं?
रानी मुखर्जी ने शाहरुख खान के बारे में कहा कि उनके साथ काम करने का एक्सपीरियंस काफी खास रहा. उन्होंने बताया, 'शाहरुख के अंदर एक सॉफ्ट कॉर्नर है. जब मैंने उनके साथ काम किया था, तब मैं सिर्फ 18 साल की थी. वह मुझे बच्चे की तरह ट्रीट करते थे और आज भी मुझे ‘बेबी’ कहकर बुलाते हैं. आमिर की तरह ही शाहरुख भी हर शॉट को अपना बेस्ट देने पर पूरा फोकस रखते हैं. सेट पर दोनों मेरे लिए टीचर जैसे थे.'

सलमान खान को लेकर कही ये बात
सलमान खान के साथ उनका एक्सपीरियंस बिल्कुल अलग रहा. रानी ने कहा, 'सलमान से मिलना मेरे लिए पूरा 360 डिग्री टर्न था. उनके काम करने का तरीका अलग है. वह स्वैग और बिंदास अंदाज के साथ सेट पर आते हैं. कभी-कभी लगता है कि वह पूरी तरह मौजूद नहीं हैं, लेकिन असल में वह पूरी तरह काम में होते हैं.'

रानी ने आगे बताया कि सलमान इतने हैंडसम हैं कि सेट पर आते ही सबकी नजरें उन पर टिक जाती हैं. वह काम को लेकर कैजुअल दिखते हैं, लेकिन बहुत मेहनत करते हैं. लोग इसे समझ नहीं पाते क्योंकि वह अपनी मेहनत दिखाते नहीं हैं. वह हर सीन पर चर्चा करते हैं और कुछ नया करने की कोशिश करते रहते हैं.
आखिर में रानी ने तीनों खान के बारे में कहा, टशाहरुख, आमिर और सलमान तीनों अपने-अपने तरीके से दिग्गज हैं. काम करने का अंदाज़ अलग है, लेकिन दिल से तीनों ही उतने ही जुनूनी और प्यारे हैं. मुझे तीनों से बराबर प्यार है और तीनों मेरे दिल के बहुत करीब हैं.'