लखनऊ । पुलिस मुख्यालय, गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ स्थित सभागार में अखिलेश मेहरोत्रा सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी के तीन फरवरी को हुये निधन के परिपेक्ष्य में शोक-सभा का आयोजन किया गया। डीजीपी राजीव कृष्ण सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण द्वारा दिवंगत पुलिस अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
स्वर्गीय अखिलेश मेहरोत्रा का जन्म 18 नवम्बर, 1948 को जनपद लखनऊ में हुआ था। वे वर्ष 1976 में “प्रान्तीय पुलिस सेवा” में चयनित हुये तथा वर्ष 1993 में “भारतीय पुलिस सेवा” में प्रोन्नत होकर प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त रहे । 30 नवंबर 2008 को वह अपनी अधिवर्षता आयु पूर्णकर सेवानिवृत्त हुये । अखिलेश मेहरोत्रा का तीन फरवरी को दुःखद निधन हो गया। स्वर्गीय अखिलेश मेहरोत्रा अपने पीछे दो पुत्र व उनका भरापूरा परिवार छोड़ गये हैं ।
स्वर्गीय अखिलेश मेहरोत्रा ने सेवाकाल में पूर्ण निष्ठा व लगन से कार्य सम्पादित कर पुलिस विभाग को गौरवान्वित किया है। स्वर्गीय अखिलेश मेहरोत्रा का लगभग 32 वर्षों से अधिक का सेवाकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। सेवाकाल के दौरान उन्हें गणतंत्र दिवस 2000 के अवसर पर ‘‘दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिये पुलिस पदक’’ से सम्मानित किया गया । स्वर्गीय अखिलेश मेहरोत्रा अपनी उपलब्धियों के लिये सदैव हमारी स्मृति में बने रहेंगे ।