लखनऊ । भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को मीरजापुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोर चकबंदी लेखपाल को रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने लेखपाल अरुण कुमार यादव को 5000 रुपये की घूस लेते हुए दबोचा।
दरअसल, चकबंदी लेखपाल नामांतरण का आदेश जारी कराने के नाम पर पीड़ित से रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और भरुहना पुलिस चौकी के पास आरोपित लेखपाल को घूस की रकम लेते ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपित को देहात कोतवाली लाया गया, जहां एंटी करप्शन टीम ने उससे गहन पूछताछ की। थाना प्रभारी ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद लेखपाल को जेल भेज दिया गया है।इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है। एंटी करप्शन टीम की इस सख्त पहल को आम लोगों ने सराहा है और इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।