नई दिल्ली। बॉलीवुड के नामी अभिनेता रणवीर सिंह को धमकी भरा मैसेज मिला है। व्हाट्सएप वॉइस नोट के जरिए भेजे गए मैसेज में रणवीर से करोड़ों रुपए की रंगदारी की मांग की गई है। अभिनेता की ओर से पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने इस धमकी भरे मैसेज को गंभीरता से लेते हुए रणवीर सिंह के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। धमकी देने वाले ने अपने गैंग के नाम का खुलासा नहीं किया है मगर इसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
रणवीर सिंह अपनी एक्ट्रेस पत्नी दीपिका पादुकोण के साथ मुंबई के प्रभादेवी स्थित ब्यू मोंडे बी टॉवर हाउसिंग सोसायटी में रहते हैं। पुलिस ने उनके घर पर 6 सशस्त्र गार्ड तैनात किए हैं। अभी कुछ दिन पहले 31 जनवरी की रात डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर अज्ञात बाइक सवारों ने कई राउंड फायरिंग की थी। उसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया था और अभी तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। फिलहाल गोलीबारी करने वाले मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पिछले कुछ समय से बॉलीवुड से जुड़े लोगों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से टारगेट किया जा रहा है। पिछले साल अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की गई थी। पुलिस ने हालांकि घटना के कुछ दिन बाद ही फायरिंग करने वालों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लॉरेंस गैंग के इशारे पर फायरिंग को अंजाम दिया गया था। बता दें कि रणवीर सिंह इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म धुरंधर को लेकर लाइमलाइट में है। धुरंधर को काफी पसंद किया जा रहा है और फिल्म रिलीज होने के बाद से अब तक कई सौ करोड़ का बिजनेस कर चुकी है।
The post Actor Ranveer Singh Receives Extortion Threat : अभिनेता रणवीर सिंह को धमकी, करोड़ों की फिरौती मांगी गई, पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए शुरू की जांच appeared first on News Room Post.