ग्रेटर नोएडा में MRI कराने आए 6 साल के बच्चे की मौत, एनेस्थीसिया इंजेक्शन देने पर उठे सवाल
TV9 Bharatvarsh February 13, 2026 03:43 AM

ग्रेटर नोएडा के बीटा 2 कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर P3 में केबी हेल्थ केयर सेंटर में एमआरआई करने आए 6 साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने हेल्थ केयर प्रबंध पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. हंगामे की सूचना देख मौके पर स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई. इसके बाद परिजनों को समझाया गया, लेकिन परिजन हेल्थ केयर सेंटर पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. उनका कहना है कि डॉक्टर द्वारा एनेस्थीसिया का गलत इंजेक्शन देने के चलते उनके बच्चे की मौत हो गई.

मृतक बच्चे के परिजनों का आरोप है कि एमआरआई से पहले बच्चे को एनेस्थीसिया का इंजेक्शन लगाया गया था. उनका कहना है कि बच्चों को जरूरत से ज्यादा डोज दी गई, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी. परिजनों के मुताबिक, इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद बच्चा बेहोश हो गया और काफी देर तक होश में नहीं आया. जब उन्होंने स्टाफ से इसकी जानकारी मांगी तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया. बच्चे की हालत ज्यादा खराब हुई तो उन्होंने आनन-फानन में दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजनों ने सीधे तौर पर हेल्थ केयर प्रबंधन ने एनेस्थीसिया इंजेक्शन को मौत की वजह बताया.

हेल्थ केयर के बाहर परिजनों का धरना

बच्चे की मौत की खबर फैलते ही परिवार और स्थानीय लोग केबी हेल्थ केयर सेंटर के बाहर इकट्ठा हो गए. परिजनों ने केंद्र प्रबंधक के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया. उनका कहना है कि अगर समय रहते सही इलाज और निगरानी की जाती तो बच्चे की जान बच सकती थी. परिवार ने जिम्मेदार डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा ना हो. वहीं धरने की सूचना मिलते ही बीटा2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया.

पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा

वहीं स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हेल्थ केयर सेंटर को स्थाई रूप से बंद कर ताला लगा दिया. साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है. कोतवाली प्रभारी बीटा 2 विनोद कुमार का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बच्चों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है ताकि मौत के सही कारणों का पता चलेगा, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस पूरे मामले में मेडिकल दस्तावेज सीसीटीवी फुटेज और ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ से पूछताछ की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग को भी मामले की जानकारी दे दी गई है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.