मुंबई, 12 फरवरी। रश्मि देसाई, जो आज टीवी की प्रमुख अभिनेत्रियों में से एक मानी जाती हैं, ने अपने करियर की शुरुआत भोजपुरी सिनेमा से की थी। उनके संघर्ष और मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया। बहुत से लोग नहीं जानते कि वह एक समय भोजपुरी फिल्मों की चर्चित अदाकारा थीं।
रश्मि का जन्म 13 फरवरी 1986 को असम के नागांव में एक गुजराती परिवार में हुआ। उनका असली नाम शिवानी है। उनके पिता का निधन बचपन में ही हो गया, जिससे परिवार पर जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ गया। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने अभिनय और नृत्य में रुचि विकसित की और कथक तथा भरतनाट्यम की ट्रेनिंग ली।
रश्मि ने अपने करियर की शुरुआत क्षेत्रीय सिनेमा से की, जहाँ उन्होंने असमिया और भोजपुरी फिल्मों में काम किया। 'बंबइया की लैला छपरा का छैला', 'बलमा बड़ा नादान', 'दूल्हा बाबू', और 'गजब भईल रामा' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
हालांकि, निजी जीवन में आए उतार-चढ़ाव ने उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से प्रभावित किया। एक समय ऐसा भी आया जब वह भारी कर्ज में डूब गईं और कई रातें सड़क पर बितानी पड़ीं। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और खुद को फिर से खड़ा करने का निर्णय लिया।
रश्मि की असली पहचान 2009 में कलर्स चैनल के शो 'उतरन' से बनी, जहाँ उन्होंने 'तपस्या' का किरदार निभाया। इस किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने 'दिल से दिल तक', 'नागिन', और 'इश्क का रंग सफेद' जैसे कई सफल टीवी शोज में काम किया।
रियलिटी शो 'बिग बॉस 13' ने उनके करियर को नई दिशा दी और इसके बाद उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी 'तंदूर' जैसी वेब सीरीज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रश्मि देसाई को 'उतरन' के लिए कई पुरस्कार और नामांकन मिल चुके हैं, और उन्होंने भोजपुरी सिनेमा से लेकर हिंदी टीवी और ओटीटी तक हर मंच पर अपनी प्रतिभा साबित की है।