Sachin Tendulkar on Zimbabwe Win: 2026 टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हराकर सनसनी मचाई है. 2007 वर्ल्ड कप के 19 साल बाद जिम्बाब्वे ने एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप में कंगारुओं को रौंदा है. भारत के दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने जिम्बाब्वे की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने ब्लेसिंग मुजरबानी की जमकर तारीफ की, जिन्होंने मैच में कुल 4 विकेट लिए.
इस मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रनों का स्कोर बनाया था. इसके जवाब में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 146 रनों पर सिमट गई और 23 रनों से मैच हार गई. जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी ने घातक स्पेल फेंकते हुए 4 विकेट लिए.
सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया के माध्यम से खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जिम्बाब्वे ने जीत से एक उदाहरण स्थापित कर दिया है. उन्होंने ब्लेसिंग मुजरबानी का नाम लेकर कहा कि वो जिम्बाब्वे टीम के लिए किसी ब्लेसिंग (आशीर्वाद) की तरह हैं.
सचिन तेंदुलकर ने लिखा, "जिम्बाब्वे की शानदार जीत. ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हराना वाकई हिम्मत का काम है. बेशक, ब्लेसिंग मुजरबानी वाकई में एक आशीर्वाद साबित हुए. 4 विकेट का शानदार स्पेल. यह टूर्नामेंट कितना रोमांचक साबित हो रहा है."
A statement win from Zimbabwe! 🇿🇼
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) February 13, 2026
Beating Australia by 23 runs takes real character. And of course, Blessing turned out to be just that, a blessing in the truest sense, with a superb 4 wicket spell.
What an exciting tournament this is shaping up to be!
जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रन बनाए थे. जवाब में ऑस्ट्रेलिया के लिए मैट रेनशॉ ने 65 रन बनाए, लेकिन अपनी टीम को जीत तक नहीं ले जा सके. खासतौर पर ब्लेसिंग मुजरबानी, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे. उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन दिए और 4 विकेट लिए.
आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को हराया है. इससे पहले साल 2007 के वर्ल्ड कप में भी उसने ऐसा ही कारनामा करके दिखाया था.