जिन्न की आड़ में यौन शोषण... पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर में पाखंडी बाबा कमरुद्दीन का खौफनाक सच
Webdunia Hindi February 14, 2026 05:42 AM


Peeragarhi Triple Murder Case: दिल्ली का पीरागढ़ी इलाका उस वक्त दहल गया था, जब एक कार में तीन लाशें मिलीं, लेकिन यह तो सिर्फ ट्रेलर था। पुलिस ने जब 'पाखंडी बाबा' कमरुद्दीन का पीछा किया, तो सामने आया 8 हत्याओं का वो काला चिट्ठा जिसे सुनकर रूह कांप जाए। तंत्र-मंत्र की आड़ में यौन शोषण, जिन्न का झांसा और लड्डुओं में जहर... पढ़िए उस हैवान की पूरी कहानी जो 17 फीट ऊंची दीवार फांदकर मौत के सौदागर की तरह भाग रहा था। 8 हत्याओं की बात कबूली

दरअसल, ट्रिपल मर्डर केस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे कमरुद्दीन के चौंकाने वाले राज सामने आ रहे हैं। इस बाबा ने 8 हत्याओं की बात कबूली है। इनमें 6 से मामलों के सबूत पुलिस को मिल चुके हैं। पुलिस 2 अन्य मामलों में भी सबूत जुटाने की कोशिश कर रही है। इस बाबा को पकड़ने के लिए पुलिस जब दबिश देने पहुंची, तो बाबा ने बीमार बच्चों का बहाना बनाया और अचानक 17 फुट ऊंची दीवार फांदकर भागने लगा। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दबोच लिया।

पथरी निकालने के नाम पर फर्जीवाड़ा

बाबा कमरुद्दीन शिकार को लड्डुओं में सल्फास और नींद की गोलियां मिलाकर देता था, साथ में कोल्ड ड्रिंक पिलाई जाती थी। यह मिश्रण इतना जहरीला था कि पीड़ितों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बाबा किडनी स्टोन निकालने के नाम पर हाथ की सफाई दिखाता था। जिसे लोग खून समझते थे, वह दरअसल सिंदूर था, जो पुलिस ने उसके घर से बरामद किया है।

जिन्न की आड़ में यौन शोषण

आरोपी महिलाओं को झांसा देता था कि उन पर 'जिन्न' आएगा और शारीरिक संबंध बनाने के बाद धन की वर्षा होगी। पुलिस को शक है कि इस आड़ में कई महिलाओं का यौन शोषण भी हुआ है। तंत्र-मंत्र के दौरान बाबा सबके फोन फ्लाइट मोड पर डलवा देता था ताकि कोई सबूत या रिकॉर्डिंग न हो सके।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.