जयपुर में हिस्ट्रीशीटर का आतंक, बीच सड़क दो लड़कियों को बेरहमी से पीटा, FIR दर्ज
TV9 Bharatvarsh February 15, 2026 03:43 AM

राजस्थान की राजधानी जयपुर में दो लड़कियों की पिटाई का एक वीडियो इन दिनों काफी वायरल हो रहा है. वीडियो में हिस्ट्रीशीटर दो लड़कियों को कार से निकालकर बेरहमी से पीटता हुआ नजर आ रहा है. पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. जांच के बाद कांस्टेबल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. बीच राह लड़कियों की पिटाई ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जयपुर की विधायकपुरी थाना पुलिस ने दो लड़कियों के साथ मारपीट के मामले में मालवीय नगर के हिस्ट्रीशीटर मनीष सैनी के खिलाफ FIR दर्ज की है. जांच में सामने आया है कि 26 दिसंबर की रात करीब 1 बजे विधायकपुरी थाना पुलिस की चेतक को सूचना मिली थी कि जगन पथ चौमूं हाउस स्थित होटल शिव महिमा के पास दो लड़कियों से एक लड़का मारपीट कर रहा है. मारपीट की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन उन्हें वहां से खाली हाथ लौटना पड़ा.

हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ FIR दर्ज

पुलिस ने बताया कि लड़कियों के साथ हुई मारपीट का किसी ने चोरी-छिपे वीडियो बना लिया था. घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस कंट्रोल रूम के संज्ञान में आने के बाद वीडियो को विधायकपुरी थाने में FIR दर्ज करने के लिए भेजा गया था. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर हिस्ट्रीशीटर मनीष सैनी की तलाश शुरू कर दी है. चोरी-छिपे बनाए वीडियो में हिस्ट्रीशीटर मनीष सैनी ने टैक्सी कार के आगे अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो लगा रखी थी.

टैक्सी ने निकालकर युवती को पीटा

इस दौरान एक लड़की बाहर खड़े होकर उसे रोकती हुई वीडियो में नजर आ रही है. वहीं, हिस्ट्रीशीटर टैक्सीमें बैठी दूसरी लड़की को खीचकर बाहर निकाल रोड पर गिराता दिख रहा है. वीडियो में हिस्ट्रीशीटर दोनों लड़कियों थप्पड़, लात-घुसों से पीटते हुए दिखाई दे रहा है. पुलिस की जांच के दौरान दो और वीडियो सामने आए हैं. एक वीडियो में होटल के बाहर खड़े होकर दोनों लड़कियों उसके साथ गाली-गलौच कर रही हैं.

दूसरे वीडियो में एक लड़की के साथ वह होटल के अंदर जा रहा है. होटल मैनेजमेंट से पूछताछ में पता चला कि वह होटल में रूम लेने आए थे. रुम फुल होने के कारण उन्हें मना कर दिया गया था.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.