प्रयागराज। फतेहपुर बिछुआ टैगोर टाउन में रहने वाले १८ वर्षीय छात्र आशुतोष गिरी की शुक्रवार रात संदिग्ध दशा में मौत हो गई। शनिवार सुबह वह फंदे पर लटका मिला। घटना से नाराज घरवालों ने हंगामा किया। साथ ही प्रतापगढ़ से आकर कोचिंग करने वाली एक छात्रा और उसके साथियों पर ब्लैकमेल करने, आत्महत्या के लिए उकसाने, धमकी देने का आरोप लगाया। जार्जटाउन पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फतेहपुर बिछुआ निवासी विनोद गिरी होमगार्ड है। उनका बेटा आशुतोष इंटर का छात्र था। शुक्रवार को वह मकान के दूसरे कमरे में सो रहा था। शनिवार सुबह पिता जागने के लिए पहुंचे तो बेटे को फंदे पर लटका देख हैरान रह गए। इकलौते बेटे की मौत से मातम छा गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। इस दौरान पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा ने कोचिंग में पढ़ाई के दौरान आशुतोष से दोस्ती की। फिर उसे ब्लैकमेल करते हुए पैसा वसूल करने लगी। बेटे ने जब पैसा देना बंद किया तो छात्रा ने साथियों के साथ मिलकर हत्या की धमकी दी।
शुक्रवार रात भी मैसेज करके आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित किया। पीड़ित परिवार समेत अन्य लोग हास्टल पहुंचकर हंगामा करने लगे तो पुलिस छात्रा को पकड़कर थाने ले आई। इंस्पेक्टर जार्जटाउन रोहित तिवारी का कहना है कि प्रेम प्रसंग के चलते लड़के ने सुसाइड किया है। जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।