कड़ी मेहनत और लगन… UPSC में 10वीं रैंक लाने वाले वैशाली के उज्जवल प्रियांक ने बताया सफलता का मंत्र
TV9 Bharatvarsh March 07, 2026 05:42 PM

बिहार में वैशाली के बिदुपुर प्रखंड के बिदुपुर पंचायत के बिदुपुर दिलावरपुर पूर्वी टोला के रहने वाले अभियंता संजीव कुमार के इकलौते पुत्र उज्जवल प्रियांक ने यूपीएससी के फाइनल परीक्षा में ऑल इंडिया में दसवां स्थान हासिल कर पूरे गांव, प्रखंड, जिला एवं राज्य का नाम रौशन किया है. उनकी इस कामयाबी से पूरे परिवार, गांव, क्षेत्र एवं उनके मामा के यहां भी खुशी का माहौल है. इनकी इस सफलता के लिए बधाई देने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है.

जानकारी के मुताबिक, अभियंता संजीव कुमार एक कुशल किसान भी है. उन्होंने काफी दूर में आम आदि के बगीचा लगाए हुए हैं. वे घर पर रहकर अपने जिम्मेदारी को निभा रहे है. उनका बेटा उज्जवल प्रियांक शुरुआत से ही पढ़ाई में तेज रहा है. अभियंता संजीव कुमार के बेटे उज्जवल प्रियांक अपनी 12वीं तक की पढ़ाई सीबीएसई बोर्ड से की है. उन्होंने पटना के ज्ञान निकेतन स्कूल से हाईस्कूल किया था.

कहां से की प्रारंभिक शिक्षा पूरी?

उन्होंने सीबीएसई 10वीं की बोर्ड परीक्षा वर्ष 2016 में दी थी, जिसमें उन्होंने 10 सीजीपीए हासिल किया था, जबकि आईएससी संत माइकल स्कूल दीघा से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की. इंटरमीडिएट के बाद उन्होंने जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस से बीटेक उत्तीर्ण किया.

उज्जवल प्रियांक ने बताया कि उन्होंने तीसरी बार में यूपीएससी परीक्षा में सफलता पाई है. उनकी इस कामयाबी पर सारण जिले के सोनपुर सबलपुर के रहने वाले उज्जवल प्रियांक के नाना गोपालपुर प्रसाद शर्मा, माता अनामिका काफी खुश और खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. यूपीएससी के परिणाम घोषित होने पर उसके पैतृक घर पर उनके पिता अभियंता संजीव कुमार उर्फ जुगनू को बधाई देने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है.

कड़ी मेहनत और लगन का नतीजा

हालांकि, देश के अलग-अलग राज्यों में युवाओं ने अपने राज्य, जिला और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. यूपीएससी का रिजल्ट जारी होने के बाद सफलता हासिल करने वाले युवाओं ने इसे सिर्फ लगन और कड़ी मेहनत का नतीजा बताया है. इस दौरान सफलता हासिल करने वाले अभ्यर्थियों के घरों पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.