क्या ब्रह्मेश्वर सिंह मुखिया की पोती ने पास किया UPSC एग्जाम, क्यों छिड़ा विवाद?
TV9 Bharatvarsh March 07, 2026 08:43 PM

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया. परिणाम में सफल अभ्यर्थियों के नाम और उनकी रैंक जारी की गईं. इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता पाने वाले उम्मीदवारों ने अपनी उपलब्धि का जश्न भी मनाया. बिहार से भी कई अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में सफलता हासिल की है, जिसके बाद अलग-अलग जगहों से उनकी सफलता की खबरें सामने आने लगीं.

हालांकि परिणाम घोषित होने के बाद अब इसे लेकर एक नया विवाद भी सामने आ गया है. यह विवाद रणवीर सेना के प्रमुख रहे ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ मुखिया के परिवार से जुड़ा हुआ है.

यूपीएससी रिजल्ट को लेकर दो अलग-अलग दावा

दरअसल, रिजल्ट जारी होने के बाद खबर आई कि ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ मुखिया जी की पोती आकांक्षा सिंह ने यूपीएससी में 301वीं रैंक हासिल की है, लेकिन इसी बीच एक और आकांक्षा सिंह सामने आ गई, जिसने भी 301वीं रैंक पर अपना दावा किया है. इसके बाद यह मामला उलझ गया है और अब सवाल उठ रहा है कि आखिर 301वीं रैंक किस आकांक्षा सिंह की है.

बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की रहने वाली आकांक्षा सिंह ने दावा किया है कि 301वीं रैंक उसी की है. उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर अपने दस्तावेज और एडमिट कार्ड भी साझा किए हैं.

अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार दोनों उम्मीदवारों ने अपने-अपने एडमिट कार्ड साझा किए हैं. हालांकि इनमें कुछ अंतर भी दिखाई दे रहा है. गाजीपुर की आकांक्षा सिंह के इंटरव्यू एडमिट कार्ड पर क्यूआर कोड मौजूद है, जिसे स्कैन करने पर जो रोल नंबर और आवेदन संख्या सामने आती है.

ब्रह्मेश्वर सिंह की पोती के रिजल्ट को लेकर विवाद

वही यूपीएससी के परिणाम में भी दर्ज है. वहीं ब्रह्मेश्वर सिंह की पोती द्वारा साझा किए गए एडमिट कार्ड के बारे में कहा जा रहा है कि वह प्रारंभिक परीक्षा का एडमिट कार्ड है. इसके क्यूआर कोड को स्कैन करने पर अलग रोल नंबर दिखाई दे रहा है.

इस पूरे मामले ने यूपीएससी के परिणाम को लेकर नई बहस छेड़ दी है. सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि 301वीं रैंक पर चयनित उम्मीदवार आखिर कौन है?

हालांकि इस विवाद पर अभी तक यूपीएससी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. खबर है कि सोमवार को आयोग इस मामले पर स्थिति स्पष्ट कर सकता है। वहीं इस पूरे मामले को लेकर ब्रह्मेश्वर सिंह के परिवार की तरफ से भी अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.