अहमदाबाद में रविवार 8 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा. लगातार दूसरी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम मैदान पर उतरेगी, जो अपना खिताब बचाने की कोशिश करेगी. यहां उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा, जो 5 साल बाद फिर इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है. टीम इंडिया को जीत का दावेदार माना जा रहा. अगर ऐसा होता है तो न्यूजीलैंड का ख्वाब फिर टूट जाएगा. हालांकि इसके बावजूद कीवी टीम खाली हाथ नहीं लौटेगी और उसे करोड़ों का इनाम मिलेगा.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल के साथ ही मेंस टी20 वर्ल्ड कप के इस एडिशन का समापन होगा. टीम इंडिया लगातार दूसरे और कुल तीसरे खिताब के लिए दावेदारी ठोकेगी, तो वहीं न्यूजीलैंड की नजरें पहली ट्रॉफी पर हैं. चैंपियन का फैसला करीब साढ़े 3 घंटे के मुकाबले में होगा. दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में करीब एक लाख फैंस तो यही उम्मीद करेंगे कि उन्हें बेहतरीन मैच देखने को मिले और टीम इंडिया फिर चैंपियन बने.
अब अगर लाखों-करोड़ों भारतीय फैंस की ख्वाहिश पूरी होती है तो टीम इंडिया लगातार 2 बार ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनेगी. मगर इसके साथ ही उसे करोड़ों का इनाम भी मिलेगा. ICC की ओर से तय प्राइज मनी के तहत वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली टीम को 3 मिलियन डॉलर यानि करीब 27.5 करोड़ रुपये मिलेंगे. यानि टीम इंडिया जीती तो वो मालामाल हो जाएगी.
मगर रनर-अप रहने पर न्यूजीलैंड भी खाली हाथ नहीं लौटेगी. इसके मुताबिक उपविजेता टीम को 14.65 करोड़ रुपये (1.6 मिलियन डॉलर) का इनाम मिलेगा. इसके अलावा ग्रुप स्टेज में हर मैच जीतने के बदले भी कुछ रकम मिलेगी, जबकि सभी टीमों को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की फीस भी दी जाएगी.
फाइनल की बात करें तो ये चौथा मौका है, जब भारत और न्यूजीलैंड किसी ICC टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में भिड़ने वाले हैं. मजेदार बात ये है कि ये इस फाइनल के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों अलग-अलग फॉर्मेट में दोनों टीम के बीच खिताबी टक्कर होने जा रही है, जो आज से पहले कभी किसी 2 अन्य टीमों के बीच नहीं हुआ. हालांकि, रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के पक्ष में है. सबसे पहले ICC नॉकआउट ट्रॉफी 2000 (अब चैंपियंस ट्रॉफी) में न्यूजीलैंड ने भारत को हराया था. इसके बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021 के फाइनल में कीवी टीम ने भारत को मात दी थी. हालांकि, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टीम इंडिया ने कुछ वापसी करते हुए न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी जीती थी.