IND vs NZ T20 World Cup: फाइनल एक-चुनौतियां अनेक, टीम इंडिया के चैंपियन बनने की राह में ये 3 रुकावटें
Sanjeev Kumar March 08, 2026 03:23 AM

बस एक आखिरी कदम और फिर टीम इंडिया वो कर दिखाएगी, जो टी20 क्रिकेट के 21 साल के इतिहास में आज तक नहीं हुआ. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम के पास ये अपनी ही जमीन पर, अपने ही लाखों फैंस की सामने ये इतिहास रचने का मौका है. रविवार 8 मार्च को जब भारत और न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टकराएंगे, तो टीम इंडिया के पास लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का मौका होगा, जो आज तक नहीं हुआ. मगर इस ऐतिहासिक मुकाम की आखिरी सीढ़ी चढ़ने से पहले टीम इंडिया के सामने कुछ ऐसी चुनौतियां हैं, जिससे वो पिछले कई सालों में पार नहीं पा सकी है.

अहमदाबाद में रोकना होगा ये सिलसिला

भारत-न्यूजीलैंड का ये फाइनल मैच में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस स्टेडियम में सिर्फ दूसरी बार किसी ICC टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा. मगर पिछला जो फाइनल था, वो भारतीय टीम और इसके फैंस के लिए सबसे दर्दभरा साबित हुआ है. वर्ल्ड कप 2023 के उस फाइनल में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों शिकस्त मिली थी. मगर बात सिर्फ उस फाइनल तक ही सीमित नहीं है.

अहमदाबाद का मैदान पिछले करीब ढाई साल में ICC इवेंट के मामले में टीम इंडिया के लिए ज्यादा अच्छा नहीं रहा है. वर्ल्ड कप 2023 से अब तक टी20 वर्ल्ड कप 2026 तक भारतीय टीम ने 4 अलग-अलग टूर्नामेंट में 32 मैच खेले हैं, उसमें सिर्फ 2 मुकाबलों में ही शिकस्त मिली. इसमें से एक तो फाइनल ही था और दूसरा मौजूदा वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 का मैच था.

पहली जीत का इंतजार

चुनौती सिर्फ अहमदाबाद में तकदीर बदलने की ही नहीं है बल्कि जिस टीम से सामना हो रहा है, उससे पार पाना भी आसान नहीं है. असल में टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज तक 3 बार टक्कर हुई है और तीनों बार न्यूजीलैंड ने ही जीत दर्ज की है. सबसे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2007 में कीवी टीम ने भारत को 10 रन से हराया था. फिर 2016 के टूर्नामेंट में टीम इंडिया को 47 रन से शिकस्त मिली थी. दोनों की पिछली टक्कर वर्ल्ड कप 2021 में हुई थी और यहां भी न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से मैच अपने नाम किया था. ऐसे में क्या चौथी टक्कर में इतिहास बदल पाएगा?

बदलना होगा रविवार का इतिहास

तीसरी चुनौती, जिससे पार पाना है वो है रविवार का दिन. अब दिन का भारत की जीत या हार से क्या लेना-देना? अगर आप भी यही सोच रहे हैं तो ये सबसे चौंकाने वाला लेकिन सबसे कड़वा सच भी है. बात ये है कि टीम इंडिया ने आज तक लिमिटेड ओवर्स में जितने भी ICC टूर्नामेंट के फाइनल रविवार के दिन खेले हैं, उनमें सिर्फ एक में जीत मिली है. नॉकआउट ट्रॉफी 2000, वर्ल्ड कप 2003, टी20 वर्ल्ड कप 2014, चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल रविवार को खेले गए थे और भारत ने सारे गंवाए थे.

वहीं 1983 और 2011 के वर्ल्ड कप फाइनल और टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल शनिवार को खेले गए थे. सिर्फ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल टीम इंडिया ने रविवार को जीता था और संयोग से वो न्यूजीलैंड के खिलाफ ही आया था. दूसरी ओर चैंपियंस ट्रॉफी 2013 का फाइनल शुरू तो रविवार को हुआ था लेकिन उसे पूरा होने में सोमवार हो गया था.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.