Hero Splendor Plus Vs Honda Activa: डेली कम्यूट के लिए कौन सी टू-व्हीलर है बेहतर ? यहां जानें अंतर
एबीपी ऑटो डेस्क March 08, 2026 12:42 PM

भारत में मिडिल क्लास लोगों के बीच टू-व्हीलर की मांग हमेशा ज्यादा रहती है. खासकर जो लोग रोज ऑफिस जाते हैं, वे ऐसी गाड़ी खरीदना चाहते हैं जो सस्ती हो, कम पेट्रोल खर्च करे और ज्यादा परेशानी भी न दे. इसी वजह से Hero Splendor Plus और Honda Activa लंबे समय से लोगों की पसंद बनी हुई हैं. अगर आप भी ऑफिस आने-जाने के लिए नई गाड़ी खरीदने की सोच रहे हैं, तो ये खबर आपके काम की है. आइए जानते हैं कि दोनों गाड़ी में से किसे खरीदना बेहतर रहेगा.

कीमत में कितना फर्क है?

अगर कीमत की बात करें तो Hero Splendor Plus की एक्स-शोरूम कीमत करीब 73,902 से शुरू होती है. वहीं Honda Activa 6G की एक्स-शोरूम कीमत लगभग 75,433 से शुरू होती है. यानी दोनों गाड़ियों की कीमत लगभग एक जैसी ही है. हालांकि Activa एक स्कूटर है, इसलिए कुछ जगहों पर इसकी कीमत थोड़ी ज्यादा लग सकती है. लेकिन कुल मिलाकर बजट के हिसाब से दोनों ही गाड़ियां मिडिल क्लास लोगों के लिए ठीक मानी जाती हैं.

इंजन और परफॉर्मेंस कैसी है?

Hero Splendor Plus में 97.2cc का एयर-कूल्ड इंजन दिया गया है. यह इंजन लगभग 8 PS की पावर और 8.05 Nm का टॉर्क देता है. यह बाइक अपनी स्मूद राइड और भरोसेमंद इंजन के लिए जानी जाती है. दूसरी तरफ Honda Activa में 109.51cc का इंजन मिलता है, जो करीब 7.8 PS की पावर और 8.9 Nm का टॉर्क देता है. Activa का इंजन थोड़ा ज्यादा ताकतवर महसूस होता है और शहर में आराम से चलती है. दोनों ही गाड़ियां रोज के इस्तेमाल के लिए अच्छी मानी जाती हैं.

माइलेज और फीचर्स में क्या अंतर है?

माइलेज के मामले में Hero Splendor Plus काफी आगे मानी जाती है. यह बाइक करीब 65 से 70 किलोमीटर प्रति लीटर तक माइलेज दे सकती है. वहीं Honda Activa का माइलेज आमतौर पर 50 से 55 किलोमीटर प्रति लीटर के आसपास रहता है. इसलिए अगर कोई व्यक्ति रोज लंबी दूरी तय करता है, तो Splendor Plus पेट्रोल की बचत में ज्यादा मदद कर सकती है. फीचर्स की बात करें तो Honda Activa स्कूटर होने की वजह से ज्यादा आरामदायक लगती है. इसमें अंडर-सीट स्टोरेज मिलता है और इसमें गियर बदलने की जरूरत नहीं पड़ती. वहीं Hero Splendor Plus में i3S टेक्नोलॉजी दी गई है जो पेट्रोल बचाने में मदद करती है. लेकिन इसमें गियर सिस्टम होने के कारण ट्रैफिक में बार-बार गियर बदलना पड़ता है.

ऑफिस जाने के लिए कौन बेहतर है?

अगर आपका रोज का सफर लंबा है और आप ज्यादा माइलेज चाहते हैं तो Hero Splendor Plus एक अच्छा विकल्प हो सकता है. वहीं अगर आप बिना गियर के आराम से चलने वाली गाड़ी चाहते हैं और थोड़ी सुविधा भी चाहते हैं, तो Honda Activa बेहतर लग सकती है. इसलिए गाड़ी खरीदने से पहले अपनी जरूरत और इस्तेमाल को जरूर ध्यान में रखना चाहिए.

- Maruti e-Vitara से लेकर Mahindra BE 6 तक, कौन-सी इलेक्ट्रिक SUV है ज्यादा वैल्यू फॉर मनी?

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.