ट्रंप सच छिपा रहे? ईरान का दावा- कई अमेरिकी सैनिक पकड़े गए, 500 से ज्यादा की मौत
TV9 Bharatvarsh March 08, 2026 02:42 PM

ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग के बीच ईरान ने बड़ा दावा किया है. ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी ने कहा है कि ईरान ने कई अमेरिकी सैनिकों को पकड़ लिया है और उन्हें अपनी जेलों में रखा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकी सैनिकों की मौत के बारे में सही जानकारी नहीं दे रहे हैं. हालांकि अमेरिका ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताया है.

शनिवार रात लारीजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई पोस्ट किए. उन्होंने लिखा कि उन्हें जानकारी मिली है कि कई अमेरिकी सैनिकों को कैद किया गया है. लेकिन अमेरिका यह कह रहा है कि ये सैनिक लड़ाई में मारे गए हैं. लारीजानी का कहना है कि अमेरिका सच छिपाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन ज्यादा समय तक ऐसा नहीं कर पाएगा.

500 अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने का दावा

लारीजानी ने यह भी कहा कि ईरान के हमलों में मारे गए अमेरिकी सैनिकों की असली संख्या अमेरिका नहीं बता रहा है. अभी तक अमेरिका ने छह सैनिकों की मौत की बात कही है, लेकिन लारीजानी का दावा है कि असल संख्या 500 से ज्यादा हो सकती है. उनके मुताबिक, अमेरिका धीरे-धीरे अलग-अलग बहाने बनाकर मौतों की संख्या बढ़ाता है. कभी इसे दुर्घटना बता दिया जाता है और कभी किसी और घटना के रूप में पेश किया जाता है.

इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के एक प्रवक्ता ने कहा कि ईरान का यह दावा झूठ और गलत जानकारी फैलाने की कोशिश है. उन्होंने कहा कि ईरान द्वारा अमेरिकी सैनिकों को पकड़ने की बात पूरी तरह गलत है.

ट्रंप ने ईरान को फिर धमकी दी

इससे पहले ट्रंप ने भी ईरान को लेकर सख्त बयान दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका ईरान के उन इलाकों और लोगों के समूहों पर भी हमला करने पर विचार कर सकता है, जिन्हें पहले निशाना नहीं बनाया गया था. ट्रंप ने यह भी दावा किया कि लगातार अमेरिका और इजराइल के हमलों के कारण ईरान ने अपने पड़ोसी देशों से माफी मांगी है. उनके मुताबिक ईरान ने वादा किया है कि अब वह उन देशों पर हमला नहीं करेगा.

वहीं ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने साफ कहा कि ईरान किसी भी दबाव में झुकने वाला नहीं है. उन्होंने कहा कि जो लोग यह सोचते हैं कि ईरान बिना किसी शर्त के सरेंडर कर देगा, उन्हें ऐसा सपना भूल जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि ईरान अपने रुख से पीछे नहीं हटेगा और संघर्ष जारी रखेगा.

यह भी पढ़ें: रमजान में अल-अक्सा मस्जिद 8वें दिन भी बंद, OIC की इजराइल को चेतावनी

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.