दिल्ली बनी 'स्मार्ट सिटी'! पीएम मोदी के इन 5 बड़े प्रोजेक्ट्स से ट्रैफिक जाम का टेंशन होगा खत्म
UPUKLive Hindi March 08, 2026 04:42 PM

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बुनियादी ढांचे और ट्रांसपोर्ट सिस्टम को वर्ल्ड क्लास बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को एक बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। पीएम मोदी दिल्ली में कुल 33,500 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस मेगा इवेंट के दौरान प्रधानमंत्री न केवल विकास कार्यों की नींव रखेंगे, बल्कि एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का तोहफा, सफर होगा आसान

दिल्ली मेट्रो के यात्रियों के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक होने वाला है। पीएम मोदी मेट्रो के दो नए कॉरिडोर जनता को समर्पित करेंगे। इसमें पिंक लाइन का 12.3 किलोमीटर लंबा ‘मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर’ सेक्शन और मैजेंटा लाइन का 9.9 किलोमीटर लंबा ‘दीपाली चौक-मजलिस पार्क’ कॉरिडोर शामिल है। विशेष रूप से, दीपाली चौक से मजलिस पार्क का विस्तार होने के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई अब 49 किलोमीटर हो जाएगी, जिससे कई रिहायशी और कमर्शियल इलाकों की कनेक्टिविटी सीधे मेट्रो नेटवर्क से हो जाएगी।

फेज V-A का आगाज: एयरपोर्ट और नोएडा जाना होगा और भी सरल

विकास की रफ्तार को आगे बढ़ाते हुए पीएम मोदी मेट्रो विस्तार के ‘फेज V-A’ के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। लगभग 16.1 किलोमीटर लंबे इन प्रोजेक्ट्स में रामकृष्ण आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ, एरोसिटी-IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज कॉरिडोर शामिल हैं। इन रूट्स के बन जाने से सेंट्रल दिल्ली, साउथ दिल्ली, नोएडा और एयरपोर्ट के बीच का सफर बेहद कम समय में तय किया जा सकेगा।

सरकारी कर्मचारियों के लिए मॉडर्न फ्लैट्स और ऑफिस स्पेस

प्रधानमंत्री के इस दौरे का एक और महत्वपूर्ण हिस्सा सरोजिनी नगर में होगा। यहाँ पीएम जनरल पूल रेजिडेंशियल एकोमोडेशन (GPRA) टाइप-5 क्वार्टर्स का दौरा करेंगे और महिला लाभार्थियों को उनके घर की चाभियां सौंपेंगे। करीब 15,200 करोड़ रुपए की लागत वाले इस रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी में 9,350 से ज्यादा मॉडर्न फ्लैट और करीब 48 लाख स्क्वेयर फीट का ऑफिस स्पेस तैयार किया जा रहा है।

दिल्ली मेट्रो की एडवाइजरी: संडे को सुबह जल्दी चलेंगी ट्रेनें

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। 8 मार्च को फेज-3 के कॉरिडोर (पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन) पर मेट्रो सेवाएं सुबह 7 बजे के बजाय एक घंटे पहले यानी सुबह 6 बजे से ही शुरू हो जाएंगी। मजलिस पार्क-शिव विहार, बॉटनिकल गार्डन-जनकपुरी वेस्ट और द्वारका-ढांसा बस स्टैंड रूट पर यात्री इस बदलाव के अनुसार अपनी यात्रा प्लान कर सकते हैं।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.