IIT में नौकरी के साथ करें पढ़ाई, जानें कोर्स से लेकर एडमिशन प्रोसेस तक की डिटेल्स
TV9 Bharatvarsh March 08, 2026 05:43 PM

देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में पढ़ाई करना लाखों छात्रों का सपना होता है, लेकिन कई बार JEE परीक्षा में सफलता न मिलने या आर्थिक कारणों से नौकरी शुरू करने की मजबूरी के कारण यह सपना अधूरा रह जाता है. अब ऐसे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. बदलते समय के साथ IIT ने कामकाजी पेशेवरों और छात्रों के लिए कई ऐसे कोर्स शुरू किए हैं, जिन्हें नौकरी के साथ किया जा सकता है.

इन कोर्स के जरिए उम्मीदवार बिना नौकरी छोड़े IIT से पढ़ाई कर सकते हैं और अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं.

नौकरी के साथ भी कर सकते हैं IIT से पढ़ाई

अब IIT में पढ़ाई केवल नियमित कैंपस तक सीमित नहीं रह गई है. देश के कई IIT संस्थान कामकाजी लोगों के लिए विशेष कोर्स चला रहे हैं. इन कोर्स को इस तरह डिजाइन किया गया है कि छात्र अपनी नौकरी के साथ-साथ पढ़ाई भी जारी रख सकें.

डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मैनेजमेंट और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में कई नए प्रोग्राम उपलब्ध हैं. इन कोर्स से न केवल उम्मीदवारों की स्किल्स बेहतर होती हैं बल्कि उनके करियर में भी नए अवसर खुलते हैं. IIT का सर्टिफिकेट या डिग्री रिज्यूमे को मजबूत बनाती है और बेहतर नौकरी या प्रमोशन पाने में मदद कर सकती है.

ऑनलाइन डिग्री और डिप्लोमा प्रोग्राम

कई IIT संस्थानों ने ऑनलाइन डिग्री और डिप्लोमा प्रोग्राम शुरू किए हैं. उदाहरण के तौर पर IIT मद्रास का डेटा साइंस और एप्लीकेशन में BS डिग्री काफी लोकप्रिय है. इस प्रोग्राम में एडमिशन के लिए JEE पास करना जरूरी नहीं होता. इच्छुक उम्मीदवारों को एक निर्धारित योग्यता परीक्षा पास करनी होती है. इसके बाद वो ऑनलाइन मोड में पढ़ाई कर सकते हैं.

कामकाजी पेशेवरों के लिए एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम

आज कई IIT संस्थान एग्जीक्यूटिव MBA और एग्जीक्यूटिव M.Tech जैसे कोर्स भी चला रहे हैं. ये खासतौर पर उन लोगों के लिए बनाए गए हैं जो पहले से नौकरी कर रहे हैं और अपने करियर में आगे बढ़ना चाहते हैं. इन प्रोग्राम की कक्षाएं आमतौर पर वीकेंड या शाम के समय आयोजित की जाती हैं. कई संस्थान इन्हें ऑनलाइन या हाइब्रिड मोड में भी चलाते हैं, ताकि नौकरी और पढ़ाई दोनों को संतुलित किया जा सके.

एनपीटीईएल और स्वयं के जरिए सर्टिफिकेट कोर्स

अगर कोई छात्र लंबी डिग्री नहीं करना चाहता तो वह शॉर्ट-टर्म सर्टिफिकेट कोर्स भी कर सकता है. एनपीटीईएल और स्वयं प्लेटफॉर्म के माध्यम से IIT के प्रोफेसर ऑनलाइन पढ़ाते हैं. इन कोर्स की अवधि कम होती है, लेकिन इनके सर्टिफिकेट उद्योग जगत में काफी उपयोगी माने जाते हैं.

एडमिशन के लिए क्या है पात्रता?

IIT के अलग-अलग कोर्स के लिए पात्रता भी अलग होती है. कई ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम के लिए 12वीं पास होना जरूरी होता है, जबकि कुछ कोर्स के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री मांगी जाती है. वहीं एग्जीक्यूटिव M.Tech जैसे कोर्स के लिए संबंधित क्षेत्र में काम का अनुभव और कभी-कभी GATE स्कोर या संस्थान की एंट्रेंस एग्जाम भी जरूरी हो सकती है.

करियर के लिए क्यों फायदेमंद हैं ये कोर्स?

IIT से पढ़ाई करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे उम्मीदवार की प्रोफेशनल वैल्यू बढ़ती है. ऐसे कोर्स करने वाले लोगों को प्रमोशन और बेहतर सैलरी मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है. इसके अलावा छात्रों को IIT के एलुमनाई नेटवर्क और दुनिया भर के प्रोफेशनल्स से जुड़ने का अवसर मिलता है. साथ ही वो मशीन लर्निंग, कोडिंग और डेटा एनालिटिक्स जैसी आधुनिक और मांग वाली स्किल्स भी सीख सकते हैं.

ये भी पढ़ें;AIIMS जोधपुर से MBBSफिर यूपीएससी में किया टॉप, अब IAS बनकर देश सेवा करेंगे राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.