'संभल जाओ, कहीं तुम भी फ्रिज में…', टॉक्सिक रिलेशनशिप और दोस्तों की वार्निंग, मुंबई में MDS छात्रा ने दे दी जान, सुसाइड नोट में लिखी ये बातें
TV9 Bharatvarsh March 11, 2026 11:43 AM

मायानगरी के अंतोप हिल इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (MDS) की 24 वर्षीय छात्रा स्तुति सोनवाने ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. स्तुति अपने माता-पिता और बहन के साथ रहती थी. इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब पुलिस को स्तुति के कमरे से 6 पन्नों का सुसाइड नोट मिला, जिसमें एक टॉक्सिक रिलेशनशिप और मानसिक प्रताड़ना की खौफनाक दास्तां दर्ज है.

घटना उस वक्त उजागर हुई जब सुबह देर तक स्तुति अपने कमरे से बाहर नहीं आई. परिजनों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. अनहोनी की आशंका में जब दरवाजा तोड़ा गया, तो स्तुति फंदे से लटकी पाई गई. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

सुसाइड नोट में श्रद्धा वालकर केस का जिक्र

स्तुति ने अपने सुसाइड नोट में अपने बॉयफ्रेंड के साथ खराब रिश्तों का जिक्र किया है. उसने लिखा कि उसका पार्टनर लगातार उसके चरित्र पर संदेह करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था.

सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह था कि स्तुति के दोस्त अक्सर मजाक में उसे चेतावनी देते थे कि “संभल जाओ, कहीं तुम भी फ्रिज में न मिलो.” यह सीधा संदर्भ दिल्ली के कुख्यात श्रद्धा वालकर हत्याकांड से था. दोस्तों का यह डर महज मजाक नहीं, बल्कि उस रिश्ते की कड़वाहट और हिंसा की आशंका को दर्शाता था. स्तुति ने नोट में लिखा है कि प्रेमी के अपमानजनक व्यवहार और बार-बार धोखे के आरोपों ने उसे अंदर से तोड़ दिया था.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

अंतोप हिल पुलिस ने इस मामले में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है. पुलिस अब स्तुति के बॉयफ्रेंड के बयान दर्ज कर रही है और उसके फोन कॉल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है. पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या यह आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला है. यह घटना युवाओं के बीच बढ़ते मानसिक तनाव और रिश्तों में बढ़ती हिंसा की ओर एक गंभीर इशारा करती है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.