ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच भारत ने बढ़ाई LNG खरीद, ओमान से आया नया कार्गो
TV9 Bharatvarsh March 11, 2026 08:43 PM

भारत की सरकारी गैस कंपनी GAIL (India) Limited ने ओमान से लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) का एक कार्गो खरीदा है. ट्रेड से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, देश में प्राकृतिक गैस की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए यह खरीदारी की गई है. सूत्रों ने बताया कि कंपनी ने यह कार्गो एक यूरोपीय ट्रेडर से बातचीत के जरिए खरीदा है. यह कार्गो अगले हफ्ते भारत पहुंचने वाला है. दो सूत्रों के अनुसार, इस सौदे की कीमत करीब 17 से 20 डॉलर प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट (mmBtu) तय की गई है, जो मौजूदा बाजार कीमतों के अनुरूप है.

15 मार्च के आसपास भारत पहुंचेगा कार्गो

Kpler के आंकड़ों के अनुसार, यह LNG कार्गो Orion Hugo नाम के जहाज पर लोड किया गया है. यह जहाज करीब 15 मार्च के आसपास भारत पहुंच सकता है. इस जहाज को Shell plc ने चार्टर किया है. हालांकि इस खरीदारी को लेकर GAIL की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के दिनों में गैस की सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है, जिसके चलते भारत को स्पॉट मार्केट से अतिरिक्त LNG खरीदने की जरूरत पड़ रही है.

आयात पर काफी निर्भर है भारत

भारत में प्राकृतिक गैस की कुल खपत करीब 195 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्रति दिन (mmscmd) है, जिसमें से लगभग आधी जरूरत आयात के जरिए पूरी की जाती है. इससे पहले भारत को मध्य पूर्व से करीब 60 mmscmd गैस मिल रही थी. लेकिन हालिया भू-राजनीतिक तनाव के चलते क्षेत्र की सप्लाई प्रभावित हुई है. खासतौर पर Strait of Hormuz में बाधा और कतर द्वारा फोर्स मेज्योर घोषित करने के बाद स्थिति और जटिल हो गई है.

सरकार ने शुरू किए सप्लाई संतुलन के कदम

गैस सप्लाई में आई इस रुकावट के बाद भारत सरकार और गैस कंपनियां सप्लाई को संतुलित करने के लिए कदम उठा रही हैं. इसके तहत गैर-प्राथमिकता वाले क्षेत्रों से गैस हटाकर जरूरी सेक्टरों को दी जा रही है, ताकि बिजली, उर्वरक और शहरों की गैस आपूर्ति जैसी महत्वपूर्ण जरूरतों को प्राथमिकता दी जा सके. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई की स्थिति सामान्य नहीं होती है, तो आने वाले समय में भारत को और अधिक LNG कार्गो स्पॉट मार्केट से खरीदने पड़ सकते हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.